जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा द्वारा राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि भाजपा और जदयू के नेता जितना चिंतन तेजस्वी जी और राजद को लेकर करते हैं उसका 10 प्रतिशत भी यदि राज्य के बारे में चिंता करते तो आज बिहार का पूरा सिस्टम इस प्रकार ध्वस्त नहीं होता, एनडीए नेताओं की सारी ऊर्जा तेजस्वी जी एवं लालू परिवार को गाली देने में हीं खर्च हो जाती है ।

दिनदहाड़े हत्या, लूट, बैंक लूट, डकैती, छेड़खानी और अपहरण जैसी घटनाएं सामान्य बात है। रेक्स रैकेट का विरोध करने वाले का राजधानी के व्यस्ततम जगह से अपहरण कर हत्या कर दी जाती है और चार दिनों में भी पुलिस कुछ नहीं कर पाती है।भ्रष्टाचार इनकी रग रग में शामिल है। ईडी द्वारा भी खुलासा किया गया है कि यहां टेंडर में किस प्रकार कमिशन बड़े पदाधिकारियों को जाता है। बिहार का खजाना खाली है । वेतन के लाले पड़े हुए हैं।वैसे भी लालू, तेजस्वी को गाली देने के सिवा वे और कर भी क्या सकते है।राजद प्रवक्ता ने कहा कि आज कहीं पुल जलसमाधि ले रहा है तो कहीं सड़क धंस रही है। वे आज कुछ बोलने की स्थिति में हीं नहीं हैं। आलम यह है कि मुख्यमंत्री जी बराबर समीक्षा करते रहते हैं और घोषणाएं करते रहते हैं पर परिणाम उसका जीरो बटा जीरो हीं होता है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि अजीब विडंबना है कि बीस साल से सत्ता में बैठे लोग अपनी हर विफलता पर विपक्षी दलों से सवाल पूछते हैं और अपनी नाकामियों का ठीकरा बीस साल पहले की सरकार पर फोड़ते रहते हैं।
