बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज कोलकाता स्थित प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में सपरिवार विधिवत पूजा-अर्चना कर माता काली से देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि कालीघाट शक्तिपीठ देश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां माता काली के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करना उनके लिए श्रद्धा और आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शक्ति की उपासना का विशेष महत्व है। मां काली को शक्ति, साहस और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने बिहारवासियों सहित देश के सभी नागरिकों के सुख, स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।
इस अवसर पर उन्होंने मंदिर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की विविध आध्यात्मिक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक एकता और विरासत को मजबूत करती हैं।
