कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आज तेलंगाना सचिवालय, हैदराबाद में तेलंगाना के कृषि मंत्री थुम्मला नागेश्वर राव जी से मुलाकात की। इस अवसर पर बिहार एवं तेलंगाना के बीच कृषि क्षेत्र में आपसी सहयोग को और मजबूत करने, आधुनिक तकनीक एवं नवाचारों के आदान-प्रदान, किसानों के प्रशिक्षण तथा दोनों राज्यों में किये जा रहे सफल कृषि प्रयोगों को साझा करने को लेकर विस्तृत एवं महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में बिहार एवं तेलंगाना के कृषि विभाग के प्रधान सचिव, निदेशक एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री ने कहा कि बिहार और तेलंगाना दोनों ही कृषि के क्षेत्र में अपनी अलग-अलग विशेषताओं, अनुभवों और सफल प्रयोगों के लिए महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इस बैठक का उद्देश्य दोनों राज्यों की कृषि व्यवस्था में उपलब्ध अनुभवों, तकनीकी ज्ञान और सफल मॉडलों को एक-दूसरे के साथ साझा करना तथा किसानों के हित में उनका उपयोग सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि किसानों के बीच प्रत्यक्ष अनुभव एवं ज्ञान का आदान-प्रदान कृषि क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है। दोनों राज्यों के किसानों को एक-दूसरे के राज्य में प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण का अवसर दिया जाना चाहिए, ताकि वे नई तकनीकों एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ सफल कृषि मॉडलों को नजदीक से देखकर उनके व्यावहारिक पहलुओं को समझ सकें। इससे किसानों को अपने-अपने राज्य की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर कृषि पद्धतियों को अपनाने में सहायता मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि बिहार और तेलंगाना के बीच कृषि क्षेत्र में यह सहयोग आने वाले समय में किसानों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा तथा कृषि को अधिक आधुनिक, उत्पादक, टिकाऊ और मूल्यवर्धित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा
