बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है। स्वतंत्रता के साथ हमारे ऊपर राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी दायित्व है। हमें संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
माननीय अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली परंपरा और लोकतांत्रिक विरासत से प्रेरणा लेते हुए सभी नागरिक राज्य एवं राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ। सामूहिक प्रयासों से ही समृद्ध बिहार एवं विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर सभी से महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
