देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पटना जीपीओ के ऐतिहासिक परिसर में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं उत्साह के वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में श्रीमती शशि शालिनी कुजूर, चीफ पोस्टमास्टर जनरल, बिहार सर्किल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

इस अवसर पर पटना जीपीओ के मुख्य डाकपाल श्री राजदेव प्रसाद एवं उप मुख्य डाकपाल (प्रशासन) श्री विनय कुमार दुबे सहित परिमंडलीय कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एवं कर्तव्यनिष्ठा को दोहराया।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना जीपीओ परिसर को तिरंगे झंडों, पुष्पों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया था। पूरे परिसर में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का वातावरण देखने को मिला। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह के क्रम में चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शशि शालिनी कुजूर द्वारा पौधारोपण भी किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के महत्व पर बल देते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। पौधारोपण कार्यक्रम में डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को और अधिक आकर्षक एवं जीवंत बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों में उत्साह एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया।
इस अवसर पर चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शशि शालिनी कुजूर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए डाक विभाग की सेवाओं को और अधिक प्रभावी, विश्वसनीय एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के प्रति प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
