ऐतिहासिक होगा जननायक कर्पूरी ठाकुर का जन्मशताब्दी समारोह- उमेश सिंह कुशवाहा

जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी समारोह को सफल बनाने के लिए मंगलवार को जनता दल (यू0) प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में पार्टी के जिला प्रभारी की तैयारी बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा एवं संचालन पार्टी के प्रदेश महासचिव श्री चंदन कुमार सिंह ने की।


बैठक में मुख्य रूप से मौजूद बिहार विधान परिषद के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह ‘‘गांधी जी’’, पूर्व विधायक श्री राणा रणधीर सिंह चैहान, पूर्व विधायक श्री प्रभात रंजन सिंह, पूर्व विधायक श्री प्रभुनाथ राय, पूर्व विधान पार्षद श्री सतीश कुमार, पूर्व विधान पार्षद श्री दिलीप चैधरी, पूर्व विधायक श्री हेम नारायण शाह आदि मौजूद रहे।
बैठक में पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जिला प्रभारियों की ये महत्वपूर्ण बैठक बड़े ही महत्वपूर्ण समय पर हो रही है। आप सभी दल के समर्पित और अनुभवी साथी हैं और मुझे पूरा यकीन है कि संगठन की बारीकी के साथ-साथ समय की चुनौती को भी आप सभी भलीभांति समझते हैं। संगठन के काम में कोई विराम या विश्राम नहीं होता। शारीरिक रूप से आप भले ही कभी अनुपस्थित रहें, लेकिन मानसिक रूप से और भावात्मक रूप से आपका काम कभी नहीं रुकता। इसमें साल के 365 दिन अपने दायित्व को निभाना होता है। अपने दायित्व को निभाते हुए आप समय का जितना बेहतर उपयोग कर पाते हैं, पार्टी उतनी ही बुलंदी पर जाती है।


श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पूरे समर्पण भाव से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जन-जन तक पहुंचना है। हम जानते हैं कि जननायक के विचारों को नजरअंदाज कर बेहतर और विकसित बिहार के निर्माण के सपनों को पूरा नहीं किया जा सकता है।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 24 जनवरी को पटना के वेटनरी काॅलेज मैदान में ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ने वाला है। कर्पूरी ठाकुर जन्मशताब्दी समारोह की सफलता इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी। उस दिन प्रदेश की सभी पंचायतों से कर्पूरी ठाकुर में आस्था रखने वाले लाखों की संख्या में लोग पटना पहुंचेंगे और वेटनरी काॅलेज मैदान से अतिपिछड़ा विरोधी भाजपा सरकार को केंद्र की गद्दी से उखाड़ फेंकने का शंखनाद होगा।


उन्होंने कहा कि हमारे नेता श्री नीतीश कुमार कर्पूरी ठाकुर को अपना आदर्श मानकर उनके अधूरे बचे कामों को पूरा करने में जुटे हुए हैं। श्री नीतीश कुमार ने सामाजिक न्याय के साथ विकास के सपनो को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोह का आयोजन जद(यू0) के द्वारा ही शुरू किया गया था। हमारी पार्टी प्रति वर्ष पूरी धूमधाम से उनकी जयंती समारोह को मानती है। श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा इस बार पार्टी जननायक कर्पूरी ठाकुर के 100वीं समारोह को मना रही है इसलिए यह कार्यक्रम बेहद खास है। कार्यकर्ता पूरे तन-मन से इसको सफल बनाने के लिए जुट जाएं।

You may have missed