विधान सभा अध्यक्ष नन्द किशोर यादव ने ‘राष्ट्रीय क्राफ्ट बाज़ार’ एवम् ‘स्पेक्ट्रम 2024’ का किया उद्घाटन

बिहार विधान सभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने आज निफ्ट, पटना के तीन दिवसीय वार्षिक कार्यक्रम ‘राष्ट्रीय क्राफ्ट बाज़ार’ एवम् ‘स्पेक्ट्रम 2024’ का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने राष्ट्रीय क्राफ्ट बाज़ार में लगे विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया एवम् कलाकारों को प्रोत्साहित किया। ‘राष्ट्रीय क्राफ्ट बाज़ार’ में हथकरघा वस्त्र, एप्लिक , मेटल क्राफ्ट, सुजनी, मिथिला पेंटिंग, पत्थर की नक्काशी, जनजातीय आभूषण, लकड़ी की नक्काशी, लाख की चूड़ियां, क्रोशिया कला सहित कई स्टाल लगाए गए हैं।

‘स्पेक्ट्रम 2024’ के मंच से मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुझे पहली बार आप लोगों के बीच आने का सौभाग्य मिला है। निफ्ट अनेक वर्षों से डिजाइन विकास के क्षेत्र में केन्द्र और राज्य सरकारों को अपनी महत्त्वपूर्ण सेवाएँ दे रहा है । निफ्ट, पटना भी अपने स्थापना वर्ष 2008 से ही हस्तकरघा और हस्तशिल्प के विकास में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है । आप सबको तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘स्पेक्ट्रम 2024’ के सफल आयोजन के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं हैं।

स्पर्धा के इस युग में डिजाइन के क्षेत्र में निरंतर नवोन्मेष करने की आवश्यकता है। आप सब निरंतर सृजनशील बने रहकर ही अपनी क्षमता का सही उपयोग कर सकते हैं। 2047 तक देश को विकसित बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमें हर विधा में विकसित होना होगा। सभी क्षेत्रों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने से देश विकसित देशों की श्रेणी में शामिल होगा।

You may have missed