राजद पर सम्राट चौधरी ने कसा तंज, कहा – ये लोग चारा खाते थे, अब सावन में मटन बना और खिला रहे हैं

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज चुनावी अभियान के तहत नवादा के वजीरगंज, गया के बेलागंज और कोच तथा औरंगाबाद के कुटुंबा में अलग अलग चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एनडीए प्रत्याशी के लिए वोट मांगे और एनडीए को 400 पार करवाने की अपील की।

उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज 2014 का भारत नहीं है। आज 2024 का भारत है जिसका दुनिया में डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि आज लोग स्वयं इसका एहसास कर रहे होंगे । उन्होंने कहा कि पहले आप लोग देख रहे होंगे कि जबतक सोनिया गांधी जी रिमोट का बटन नहीं दबाते थे तब तक प्रधानमंत्री जी बोलते नहीं थे। लेकिन आज ऐसा प्रधानमंत्री देश मे है कि देश का डंका बज रहा हैं। आज पाकिस्तान की ओर से चुटपुटिया पटाखा भी इस तरफ छोड़ दे तो इधर से तोप का गोला शुरू हो जाता है।

श्री चौधरी ने कहा कि जब यूक्रेन और रूस का युद्ध चल रहा था तब देश के बच्चे फंसे हुए थे। प्रधानमन्त्री ने युद्ध रुकवाकर तिरंगे के नीचे बच्चों को निकलवाया। तिरंगे के अंदर पाकिस्तान के बच्चे भी निकल आये।

उन्होंने एनडीए की सरकार को गरीबों की सरकार बताते हुए कहा कि दूसरी ओर के लोग लालू प्रसाद सावन महीने में मटन बना रहे हैं और खिला रहे हैं और उनके पुत्र हेलीकॉप्टर में मछली खा रहे है, वह भी नवरात्रि में। उन्होंने कहा कि मै अभी तक यही जानता था कि ये लोग चारा खाने वाले हैं। उन्होंने लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग किसी को आरक्षण नहीं दे सकते। जब मौका मिला तो पहले पत्नी को और फिर अपने बेटे और बेटियों को उप मुख्यमंत्री, मंत्री और राज्यसभा सांसद बनाकर आरक्षण दे दिया।

उन्होंने कहा कि भारत के विकसित होने के बिना बिहार विकसित नहीं होगा और यह मोदी जी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से कहा कि आपका एक एक वोट मोदी जी को फिर से पीएम बनाएगा।

उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मोदी जी की गारंटी है कि जो भ्रष्टाचार करेगा उसे जेल जाना पड़ेगा। उसी तरह बिहार में भी एक कानून लाया गया है जिसमे जमीन, शराब और बालू माफिया या तो जेल में जायेगा या गया में उसका पिंडदान की शुरुआत कर दी जाएगी।

उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि भाजपा ने 2025 में 10 लाख लोगों को नौकरी देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा 10 लाख लोगों को नौकरी जरूर देगी। श्री चौधरी ने राम मंदिर निर्माण की चर्चा करते हुए कहा कि प्रभु श्री राम 500 साल से इंतजार कर रहे थे, जब गरीबों के लिए घर बनाये गए तो प्रभु श्री राम को भी भव्य मंदिर में स्थापित किया गया।

You may have missed