भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पहुँचे खगड़िया, रास्ते में विभिन्न स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल आज खगड़िया के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान दुर्गापुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं द्वारा जबरदस्त स्वागत किया गया। यहां कार्यकर्ताओं ने अपने अध्यक्ष को लड्डुओं से तौलकर उन्हें सम्मान दिया। खगड़िया जाने के क्रम में बेगूसराय में स्थानीय विधायक कुंदन कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया गया।

खगड़िया में मंत्री श्री जायसवाल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि विपक्ष जहां धर्म और जाति की राजनीति करता है वहीं भाजपा जमात की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास की बात करती है।

उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के सभी जिलों में जाएंगे और उसी जिले में रात्रि प्रवास भी करेंगे। भाजपा के साथ लगातार जुड़ रहे हैं। लोगों को मालूम है कि यही एक पार्टी है जो देश की रक्षा का करती है।देश को कैसे समृद्ध बनाया जाए इसकी चिंता करती है।

मंत्री श्री जायसवाल के खगड़िया के दुर्गापुर में पहुँचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और लड्डुओं से तौलकर सम्मान दिया। उन्होंने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि मैं आप सबकी भावनाओं का आदर करता हूँ और विश्वास दिलाता हूँ कि आप लोगों के सम्मान को बनाए रखने के लिए सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहूँगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।

इससे पहले खगड़िया जाने के क्रम में संगठन जिला बाढ़ अध्यक्ष अरुण मुखिया जी के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। श्री जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने स्तर पर भारतीय जनता पार्टी को सुदृढ़ बनाने में योगदान देते रहने की अपील की। बख्तियारपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गाजे- बाजे के साथ स्वागत किया ।

खगड़िया जाने के क्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री जायसवाल का बरौनी जीरोमाइल बेगूसराय में जोरदार स्वागत किया गया। बेगूसराय में नगर विधायक कुंदन कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। स्वागत से भावविभोर हुए प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं का सम्मान मेरे लिए सर्वोपरि है और मैं भी आप सबका पूरी आत्मीयता से सम्मान करता हूँ।

यहां उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी।

You may have missed