176 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजगीर जू सफारी के नीतीश कुमार पहले विजिटर बने

राजगीर –   मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज शिलापट्ट का अनावरण एवं फीता काटकर राजगीर में जू सफारी (वन्य प्राणी सफारी) का लोकार्पण किया। गौरतलब है कि वन्य प्राणी सफारी 480 एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ है। सफारी के निर्माण में 176 करोड़ रुपये की लागत आयी है। राजगीर सफारी निर्माण में गुणवत्ता एवं उच्चस्तरीय पर्यटक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है और इस प्रकार की सफारी देश में 1-2 जगह पर ही उपलब्ध हैं।


मुख्यमंत्री ने जू सफारी परिसर में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वन्य प्राणी सफारी प्रांगण में लगी वन्य जीवों की प्रतिमा, टिकट काउंटर, व्याख्या केंद्र एवं कंट्रोल रूम का उद्घाटन कर मुख्यमंत्री ने इसका मुआयना भी किया।


मुख्यमंत्री ने टिकट काउंटर, व्याख्या केंद्र, कंट्रोल रूम आदि में पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं गतिविधियों की पूरी जानकारी अधिकारियों से ली। कंट्रोल रूम में सी0सी0टीवी के जरिये जू सफारी में प्रदर्शित हो रही सभी वन्य प्राणियों एवं पर्यटकों की गतिविधियों का मुआयना करते हुये मुख्यमंत्री ने इनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। व्याख्या केंद्र में मानव के विकास क्रम और वन्य जीवों के जीवन चक्र से जुड़ी प्रतिमा एवं इस संबंध में एल0ई0डी0 स्क्रीन पर प्रदर्शित हो रही विशेष जानकारी के साथ-साथ वन्य प्राणी की विभिन्न प्रजातियों से मुख्यमंत्री अवगत हुए। 180 डिग्री थ्री-डी थियेटर में मुख्यमंत्री के समक्ष ‘द ओसियन बॉयोस्कोप’ फ़िल्म प्रदर्शित की गई। राजगीर जू सफारी में पर्यटकों हेतु उपलब्ध सुविधाओं, भ्रमणीय वन्य क्षेत्र, बस सफारी में भ्रमण के दौरान सुरक्षा के लिहाज से पर्यटकों द्वारा बरती जाने वाली सावधानी, वन्य प्राणी की गतिविधि पर आधारित लघु फिल्म भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शित की गई। लोकार्पण के पश्चात् टिकट काउंटर से पहले विजिटर के तौर पर टिकट लेकर मुख्यमंत्री ने राजगीर जू-सफारी में परिचालित सफारी बस (पर्यटक वाहन) से जू सफारी का भ्रमण किया।
मुख्यमंत्री राजगीर जू सफारी को विकसित करने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक पटना श्री गोपाल सिंह, निदेशक राजगीर जू सफारी श्री हेमंत पाटिल, उप निदेशक राजगीर जू सफारी श्री अंबिका शरण सिन्हा, वन्य जीव विशेषज्ञ राजगीर जू सफारी डॉ0 डी0एन0 सिंह, पशु चिकित्सा पदाधिकारी राजगीर जू सफारी श्री दिलीप कुमार जू बैठा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं वनरक्षियों को प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया।

प्रधान सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, श्री दीपक कुमार सिंह को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed