राजीव नगर में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान किसी की भी मृत्यु नहीं हुई है – जिला प्रशासन

राजीव नगर में (मौजा-दीघा, थाना नं. 1 अंतर्गत) बिहार राज्य हाउसिंग बोर्ड की अर्जित भूमि से सार्वजनिक उपयोग के लिए अतिक्रमण हटाने हेतु आज दिनांक 3 जुलाई, 2022 को सुबह 5:00 बजे प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन ने 40 एकड़ जमीन को अपने कब्जे में ले लिया तथा लगभग 95 (पंचानवे) संरचनाओं को तोड़ दिया। तोड़ी गई संरचनाओं में अधिकांश चहारदीवारी एवं निर्माणाधीन मकान थे। 75 संरचनाओं को पूरी तरह से एवं 20 संरचनाओं को आंशिक रूप से तोड़ा गया। पांच ऐसे मकान थे जिसमें लोग रह रहे थे, इन्हें खाली करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्ण रही कोई, कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। लगभग 500 बल प्रतिनियुक्त किए गए थे।

उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किया गया । पांच राउंड आंसू गैस का प्रयोग किया गया।

नगर पुलिस अधीक्षक, मध्य; एक महिला पुलिसकर्मी एवं एक अन्य पुरुष पुलिसकर्मी को हल्की चोटें आई हैं जिनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।

संपूर्ण कार्रवाई में किसी की भी मृत्यु नहीं हुई है। मृत्यु के बारे में जो अफवाह फैलाई जा रही है जिला प्रशासन उसका खंडन करता है।

जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री मानवजीत सिंह ढिल्लो स्वयं स्थल पर पहुंचकर सम्पूर्ण स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए थे। पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई।

दीघा कृषि भूमि आवास बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एवं सचिव सहित 25 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जिसमें एक महिला भी शामिल है। पांच वाहन भी जप्त किया गया।

जिला प्रशासन को प्राप्त सूचना के अनुसार हंगामा करने के लिए बाहर से भी लोगों को बुलाया गया था। गिरफ्तार लोगों के कॉल डिटेल्स एवं व्हाट्सएप चैट के आधार पर भू माफियाओं की भी संलिप्तता पाई गई है।

कॉल डिटेल्स, व्हाट्सएप चैट एवं वीडियो फुटेज के आधार पर हंगामा करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। जांचोपरांत उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम डॉ. सिंह एवं एसएसपी श्री ढिल्लो ने कहा है कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा। अतिक्रमण के विरूद्ध ऑपरेशन अभी जारी रहेगा।

You may have missed