यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए ट्वीट किया उम्मीद है कि वह बिना किसी भय और पक्षपात के संविधान की संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।

द्रौपदी मुर्मू के चुनाव जीतते ही बधाइयों को तांता लग गया है। एनडीए और  विपक्षी राजनेताओं के साथ साथ विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार रहे यशवंत सिन्हा ने भी ट्वीट कर मुर्मू को बधाई दी।

राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी। वहीं प्रधानमंत्री मोदी मुर्मू को बधाई देने उनके आवास पर पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लगातार कई ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा, जब देश के 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो आदिवासी समुदाय में जन्म लेने वाली भारत की बेटी देश की राष्ट्रपति बन गई है।

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन और उनका संघर्ष, उनकी सेवा भावना सभी भारतीयों के लिए प्रेरणा है। वह भारत के लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण हैं। खासकर गरीबों और वंचितों के लिए वह प्रेरणा हैं। वह एक अच्छी विधायक और मंत्री रही हैं। वहीं झारखंड की राज्यपाल के तौर पर उनका कार्यकाल बहुत अच्छा रहा। मुझे पूरा भरोसा है कि वह बहुत शानदार राष्ट्रपति भी होंगी जो कि देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाएंगी।’

प्रधानमंत्री नोदी ने कहा, मैं उन सभी  सांसदों और विधायकों को भी धन्यवाद देता हूं जिन्होंने श्रीमती मुर्मू का समर्थन किया। उनकी बड़ी जीत लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।

वहीं यशवंत सिन्हा ने ट्वीट कर कहा था, मैं देश की नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई देता हूं। उम्मीद है कि वह बिना किसी भय और पक्षपात के संविधान की संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, मैं देश की माननीय नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई देती हूं। एक राष्ट्र की मुखिया के तौर पर देश को आपसे उम्मीद है कि आप संविधान के आदर्शों की रक्षा करेंगी और लोकतंत्र की संरक्षक होंगी खासकर ऐसे समय में जब कि देश कई तरह के कलह में फंसा है।

NCP नेता शरद पवार ने भी बधाई देते हुए कहा कि देश के सबसे प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

You may have missed