पप्पू यादव का ऐलान – जन अधिकार पार्टी 22 अगस्त को करेगी राजभवन मार्च

देशभर में विपक्ष के नेताओं को जांच एजेंसियों द्वारा परेशान किये जाने सहित अन्य मुद्दों को खिलाफ जन अधिकार पार्टी ने राज्यभर में आंदोलन की घोषणा की है। इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए 13 अगस्त को पटना में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक निर्धारित की गयी है। महंगाई, जीएसटी, और अग्निवीर योजना आदि के विरोध में 22 अगस्त को राजभवन मार्च किया जाएगा। 29, 30 और 31 अगस्त को बोधगया में ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’ मुद्दे पर मंथन शिविर होगा। इसके बाद 11 सितंबर से महात्मा गांधी की धरती बगहा से बेरोजगारी सभा और अपराध मुक्त बिहार आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस आंदोलन में रथ से पूरे बिहार में राज्य की समस्याओं से लोगों को अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी ने नयी कार्यकारिणी की संसोधित सूची भी जारी की गयी।

पटना में सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में जनअधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि भाजपा ने देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति पैदा कर दी है। हम चुनी हुई सरकार पर जांच एजेंसियों के हमले का विरोध करते हैं। पटना में सभी छह विधायक और मेयरों की सम्पत्ति की जांच की मांग करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश में गृह युद्ध की स्थिति है। 140 करोड़ लोगों को मारने की साजिश की जा रही है। ये सरकार कोरपोरेट की सरकार है। कोरपोरेट के द्वारा देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला किया जा रहा है। ईडी, सीबीआई और कोरपोरेट का इस्तेमाल करके केंद्र की सरकार राज्यों को परेशान कर रही है। देश की सभी संस्थाएं गिरवी रखी जा चुकी हैं। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने भी कहा है कि यह राजनीति सही नहीं है। लोकतंत्र में विपक्ष को मजबूत होना चाहिए। आज स्थिति ये है कि भाजपा पैसे और ईडी, सीबीआई के दम पर चुनाव जीत सकती है लेकिन जनता के वोटों के आधार पर नहीं। भाजपा ने बिहार के लोगों को जितना अपमानित किया, जितना गरीब-बेरोजगारों को ठगा उतना किसी सत्ता ने नहीं किया।

श्री पप्पू यादव ने कहा कि पहले बेंगलुरु, फिर मध्य प्रदेश, फिर महाराष्ट्र और अब झारखंड में पैसों के बल पर सरकार पलटने का खेल चल रहा है। महाराष्ट्र और झारखंड में जनता की बनायी सरकार को तोड़ने के लिए पैसों का खेल हुआ। ईडी का साजिश हुई। इस साजिश को रचने का काम असम के मुख्यमंत्री ने किया। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में ईडी जांच होनी चाहिए और उनकी अविलंब गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने चुनौती दी कि भाजपा बिहार में बिना किसी क्षेत्रीय पार्टी का सहारा लिए चुनाव लड़कर दिखाए। कहा कि बिहार में विधानसभा का चुनाव किसी बिहारी के नेतृत्व में ही होगा। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नहीं। प्रेस वार्ता के दौरान जाप प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र कुशवाहा और राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू भी मौजूद रहे। इस मौके पर जन अधिकार पार्टी के 13 प्रदेश उपाध्यक्ष, 56 प्रदेश महासचिव, 106 प्रदेश सचिव और 10 राज्य कार्यकारिणी की सदस्यों की सूची जारी की। सूची संलग्न

You may have missed