जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण माहौल में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 सम्पन्न कराना जिला प्रशासन, पटना की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। संपूर्ण निर्वाचन तंत्र इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। 78 फ्लाईंग स्क्वायड, 3 पालियों में 61 प्वायंट्स पर 183 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 44 वीडियो सर्विलांस टीम, 44 वीडियो व्यूईंग टीम, 34 जिला बॉर्डर चेक पोस्ट तथा 8 अन्तर्जिला मल्टी-एजेंसी चेक पोस्ट पर तैनात अधिकारीगण आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए तत्पर है।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों के अनुरूप स्वतंत्र एवं स्वच्छ चुनाव के सभी पहलुओं को सुनिश्चित करने के लिए बडे पैमाने पर तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। केवाईसी (नो योर कैंडिडेट, अपने अभ्यर्थी को जानें) ऐप के माध्यम से किसी भी व्यक्ति द्वारा अपने निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक अभ्यर्थी द्वारा अपने शपथ-पत्र में दिए गए विवरण, अर्हता, आपराधिक पूर्ववृत्त, सम्पत्ति एवं देनदारियां (यदि कोई हो) की जाँच की जा सकती है। सक्षम ऐप दिव्यांग मतदाताओं के लिए समर्पित है। इसमें सुगम्यता सुविधाएं अन्तर्निहित है। इसके माध्यम से व्हीलचेयर एवं मतदान केन्द्र पर सहायता हेतु वॉलंटियर के बारे में अनुरोध किया जा सकता है। सी-विजिल ऐप के माध्यम से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के बारे में रिपोर्ट किया जा सकता है।

प्रलोभन-मुक्त चुनाव
==============
ज़िलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचकों को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए उत्प्रेरित करने के उद्देश्य से नगद या वस्तु रूप में कोई पारितोषिक देना या लेना दंडनीय है। ऐसी सभी गतिविधियों पर फ्लाईंग स्क्वायड, वीडियो सर्विलांस टीम सहित सम्पूर्ण तंत्र पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों के विरूद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। लगभग 20 से अधिक प्रवर्तन एजेंसियां चुनावों में प्रलोभनों की भूमिका को ख़त्म करने और समान अवसर (लेवल प्लेइंग फील्ड) सुनिश्चित करने के लिए समन्वित तरीके से काम कर रही हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को निदेशित किया गया है कि आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। सम्पत्ति विरूपण की घटनाओं पर पैनी नजर रखें। अधिकारीगण मतदाताओं को प्रभावित करने और प्रलोभन देने के सभी प्रयासों को विफल करें। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन क्षेत्र में अत्यधिक प्रचार, खर्चा, रिश्वत की मदों का नगद या वस्तु के रूप में वितरण या अवैध शस्त्रों, गोला बारूद, शराब, असामाजिक तत्वों आदि पर पैनी नजर रखें। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करें। ज़िलाधिकारी ने कहा कि भेद्य मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से भी दिनांक 06.11.2025 (छ: नवम्बर) को अपना वोट अवश्य डालने का आह्वान किया। मतदाताओं के नाम एक संदेश में उन्होंनेे बिना किसी भय या प्रलोभन के निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रियता से भाग लेने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त वयस्क मताधिकार का सुसूचित, नैतिक एवं प्रलोभन-मुक्त तरीके से प्रयोग कर हम अपने समृद्ध लोकतंत्र को एक नया आयाम दे सकते है।

जिलाधिकारी ने कहा कि हम विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के लिए तकनीक के स्तर पर पूरी तरह से तैयार हैं। भारत निर्वाचन आयोग के एकीकृत ईसीआईनेट (ECINet) प्लेटफॉर्म पर सभी ऐप उपलब्ध है। एक सजग नागरिक के तौर पर आम जनता भारत निर्वाचन आयोग के सीविजिल ऐप का उपयोग करके आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) उल्लंघन, सम्पत्ति विरूपण की घटनाओं सहित किसी भी प्रकार की चुनावी गड़बड़ी के बारे में रिपोर्ट कर सकती है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रावधानों के तहत निर्वाचन की घोषणा होते ही सी-विजिल ऐप सक्रिय हो गया है। चुनाव में पारदर्शिता एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह ऐप यूजर को एमसीसी उल्लंघन के बारे में रिपोर्ट करने की सुविधा देता है। इस ऐप के माध्यम से केवल लाईव इन्सिडेंट को ही कैप्चर किया जा सकता है ताकि साक्ष्यों की प्रामाणिकता सुनिश्चित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि आप आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित कोई भी घटना देखते हैं तो उसे सी-विजिल ऐप पर रिपोर्ट करें। शराब या अन्य नशीले पदार्थों का वितरण, अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन, वोट के लिए रूपये का वितरण, भड़काऊ भाषण, धमकी, डराना, मतदाताओं का निःशुल्क परिवहन, वोट के लिए मुफ्त वितरण, पेड न्यूज, फेक न्यूज इत्यादि के बारे में आप सीविजिल ऐप पर रिपोर्ट करें। शिकायतों पर 100 मिनट के भीतर कार्रवाई की जाती है। यूजर द्वारा ऐप के माध्यम से शिकायत निवारण में प्रगति को ट्रैक किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 की घोषणा की तिथि 6 अक्टूबर से अभी तक सीविजिल ऐप के माध्यम से कुल 10 सही मामले दर्ज किए गए जिसमें दीघा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के 8 मामले तथा फतुहा एवं बाकीपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित 1-1 मामले शामिल थे। इन सभी 10 मामलों की जाँच की गई तथा आयोग के निदेशों के अनुरूप इस सबका विधिवत निष्पादन किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि हम लोकतंत्र के इस उत्सव बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 को एक सुखद अनुभव बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सुगम, सहज, सुरक्षित एवं समावेशी चुनाव कराने के लिए सभी कार्रवाई की जा रही है। मतदान से संबंधित जानकारी के लिए वन-स्टॉप हेल्पलाइन मतदाता हेल्पलाइन 1950 कार्यरत है जिसपर निर्वाचकों को हर तरह की सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। वोटर हेल्पलाइन टॉलफ्री नंबर 1950 पर 1 अगस्त, 2025 से अभी तक कुल 2,562 कॉल प्राप्त हुए। इन सभी कॉल पर लोगों को प्रावधानों के अनुरूप सभी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी किसी भी तरह की सूचना, सुझाव एवं शिकायत के लिए हेल्पलाइन पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि एक भी मतदाता न छूटे। यदि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची में है, तो मतदान के लिये फोटोयुक्त वोटर आईडी कार्ड के अलावा 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई भी एक दस्तावेज दिखाकर मतदाता मतदान कर सकते हैं। इसके बारे में पदाधिकारियों को निदेशित किया गया है तथा उन्हें प्रशिक्षित भी किया गया है। हर अधिकारी इसका अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। किसी भी वोटर को मतदान से वंचित नहीं करेंगे। मत देने का अधिकार निर्वाचक नामावली में नाम के होने से ही होता है। अगर निर्वाचक की पहचान स्थापित हो जाती है एवं उस निर्वाचक का नाम जहाँ वह मतदान करने आया है वहाँ मतदाता सूची में उसका नाम उपलब्ध है तो अधिकारी पहचान पत्र की सामान्य त्रुटियों को नजरअंदाज करें।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन उत्सवी माहौल एवं मित्रतापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केन्द्र सुगम, सहज और सुरक्षित है। हर एक मतदान केन्द्र पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएँ (एएमएफ) उपलब्ध की गई है। सुलभ एवं स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, हेल्प डेस्क, भूतल पर मतदान केन्द्र, दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए रैम्प, पोल वोलंटियर्स, पर्याप्त रौशनी, विद्युत, स्पष्ट संकेतक एवं दिशा-निर्देश, व्हीलचेयर, वोटर फैसिटिलेशन सेंटर, छायादार प्रतीक्षा केन्द्र इत्यादि की उत्कृष्ट सुविधा रहेगी। हम पीडब्ल्यूडी और वरिष्ठ मतदाताओं की जरूरतों के प्रति जागरूक एवं सतर्क हैं और उनके लिए सुलभ चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि होम वोटिंग एवं पोस्टल बैलट कार्य में आयोग के दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। हर मतदान केन्द्र पर मोबाइल फोन रखने की व्यवस्था रहेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान केन्द्रों का वेबकास्टिंग किया जाएगा। विद्युत एवं इंटरनेट की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि वोटर इंफॉरमेशन स्लिप का शत-प्रतिशत वितरण मतदान की तिथि के पाँच दिन पूर्व तक बीएलओ के माध्यम से सुनिश्चित कराया जाएगा। सहायक निर्वाची पदाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारी अनुश्रवण करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों द्वारा क्रिटिकल मतदान केन्द्रों की सूची तैयार की जा रही है। सभी निर्वाची पदाधिकारी वल्नरेबुल मतदान केन्द्रों की सूची अद्यतन कर रहे हैं। वल्नरेबुल पॉकेट्स में एरिया डॉमिनेशन एवं रूट मार्च के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है।
==============
मेरा वोट-मेरा अधिकार,
मतदान जरूर करेंगे हम!
==============
जिलाधिकारी ने कहा कि हम गाँव-गाँव एवं हर एक शहरी क्षेत्र में सघन मतदाता जागरूकता अभियान चला रहे हैं। 66 प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
ज़िलाधिकारी ने कहा है कि चुनाव एक महापर्व है। स्वच्छ मतदान से एक स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता हमारे समृद्ध लोकतंत्र की रीढ़ हैं। संविधान द्वारा प्रदत्त वयस्क मताधिकार बहुमूल्य है एवं इस अधिकार का प्रयोग एक नागरिक के लिए अत्यावश्यक है। उच्च मतदान प्रतिशत हमारे प्रजातंत्र को एक नया आयाम देगा।
ज़िलाधिकारी ने पटना के मतदाताओं से जो पटना से बाहर हैं उन्हें भी चुनाव के दिन मतदान केंद्र आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया है। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व के बाद लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेकर 6 नवम्बर को अवश्य मतदान करें। अगर आपका नाम पटना की मतदाता सूची में दर्ज है और आपको किसी कार्यवश बाहर जाना है तो आपसे अपील है कि मतदान कर ही कहीं जाएं। पहले मतदान, फिर कोई अन्य काम।
=======================
मेरे प्यारे जिलावासियों, पटना में 6 नवंबर को मतदान है। आप सभी से अपील है कि आप मतदान अवश्य करें। किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए टॉल-फ्री नंबर 1950 पर फोन कर सकते हैं।
मतदान अब बस 16 दिन दूर
ऐसे निर्वाचक जो मतदान के समय अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (एपिक) प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं उन्हें मतदान केंद्र पर अपनी पहचान स्थापित करने के लिए 12 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों-आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक/डाकघरों द्वारा जारी की गयी पासबुक, पेन्शन दस्तावेज आदि- में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा।
अधिक जानकारी हेतु ECINET App और https://electoralsearch.eci.gov.in/ का प्रयोग किया जा सकता है।
……….जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना
=======================
ज़िलाधिकारी ने लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी नागरिकों से सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि 6 नवम्बर को हर निर्वाचक अपने-अपने बूथ पर सबसे पहले पहुंच कर वोट अवश्य डालें।
