भारत निर्वाचन आयोग के निदेशानुसार बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के अवसर पर पटना जिलान्तर्गत सभी 14 निर्वाचन क्षेत्रों के 5,677 मतदान केन्द्रों पर मतदान कार्य हेतु कर्मियों का आज रैण्डमाईजेशन किया गया। आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षकों तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पटना की उपस्थिति में समाहरणालय, पटना स्थित एनआईसी में रैण्डमाइजेशन किया गया। मतदान कर्मियों का यह द्वितीय रैण्डमाईजेशन था। एनआईसी के सॉफ्टवेयर ELECON के माध्यम से रैण्डमाइजेशन किया गया।
गौरतलब है कि पटना जिलान्तर्गत सभी 14 निर्वाचन क्षेत्रों में दिनांक 06 नवम्बर, 2025 को मतदान निर्धारित है। कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 5,677 है। वीमेन, पीडब्ल्यूडी एवं यूथ बूथ की संख्या क्रमशः 541, 14 तथा 3 है। जेनरल बूथ की संख्या 5,119 है।

मानकों के अनुसार 10 प्रतिशत रिजर्व अर्थात् 594 रिज़र्व सहित कुल 6,271 मतदान दल का गठन किया गया है। हरेक मतदान दल में 01 पीठासीन पदाधिकारी, 01 प्रथम मतदान पदाधिकारी, 01 द्वितीय मतदान पदाधिकारी तथा 01 तृतीय मतदान पदाधिकारी अर्थात् 04 मतदान अधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है।
345 माइक्रो-ऑब्जर्वर तथा 41 रिजर्व माइक्रो-ऑब्जर्वर सहित कुल 386 माइक्रो-ऑब्जर्वर को प्रतिनियुक्त किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों तथा विधियों के अनुसार कर्मियों का आज द्वितीय रैण्डमाईजेशन किया गया। कुल 25,084 मतदान दल पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा 386 माइक्रो-ऑब्जर्वर अर्थात कुल 25,470 अधिकारियों एवं कर्मियों को रैण्डमाईजेशन के माध्यम से आज विधान सभा आवंटित किया गया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पटना ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप बिहार विधान सभा आम निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर तथा प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिलान्तर्गत सभी 14 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के 5,677 मतदान केन्द्रों पर 6 नवम्बर को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सहभागितापूर्ण वातावरण में मतदान कराने हेतु सभी मतदान केन्द्र पदाधिकारियों (पीठासीन पदाधिकारियों, प्रथम मतदान पदाधिकारियों, द्वितीय मतदान पदाधिकारियों तथा तृतीय मतदान पदाधिकारियों) एवं माइक्रो-ऑब्जर्वर के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 6 प्रशिक्षण स्थलों पर 24,25,29,30 एवं 31 अक्टूबर, 2025 को दो पालियों में कराया जाएगा। संबंधित पदाधिकारियों को प्रशिक्षण का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है।
