जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला कृषि टास्क फॉर्स की बैठक आयोजित की गई। इसमें कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बीज की कालाबाजारी ना हो यह सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि उर्वरक कालाबाजारी पर नियंत्रण हेतु कड़े कदम उठाए जाएँ। उर्वरक प्रतिष्ठानों पर सतत छापेमारी की जाए। जिलाधिकारी ने उर्वरक अनुश्रवण समिति की बैठक शीघ्र आहूत करने का निदेश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया।

जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को सरकार की विभिन्न क्षेत्रों यथा कृषि, उद्यान, मत्स्य एवं पशुपालन संबंधी योजनाओं का लाभ किसानों तक ससमय पहुँचाने का निदेश दिया।
