बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित एआई समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा करते हुए कहा कि भारत आज एआई क्रांति में एक प्रमुख प्रेरक शक्ति के रूप में उभरता दिख रहा है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अन्य वैश्विक नेताओं सहित 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दुनिया की शीर्ष तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों के साथ ‘एआई समिट’ में भाग ले रहे हैं और इसके सफल संचालन के लिए तारीफ कर रहे हैं, लेकिन यह उपलब्धि कांग्रेस को स्वीकार नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि एआई समिट में जब विश्व भर के लोग शामिल हो रहे हैं, ऐसे में बिना शर्ट के कांग्रेस का प्रदर्शन सीधे भारत का अपमान है। इससे पूरा देश शर्मसार हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस तरह काम कर रही है, उससे यह लगता है कि उनमें बुनियादी बुद्धि की कमी है, वे ही भारत की इस गौरवमयी उपलब्धि को नहीं देख पा रहे हैं। ऐसे विकृत बुद्धि वाले लोग इस अद्भुत ‘एआई समिट’ को नहीं देख सकते।
उन्होंने कहा कि भारत एक नए राष्ट्र के रूप में उभर रहा है और कांग्रेस निरंतर निराशा में डूबी हुई है।
बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राष्ट्रहित के विषयों पर सभी दलों को एकजुट होकर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य करना चाहिए, परंतु कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक हताशा दूर करने के लिए राष्ट्रहित को दांव पर लगा दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जनता ऐसे कृत्यों का लोकतांत्रिक तरीके से उचित जवाब देगी।
