अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, बिहार प्रदेश के तत्वावधान में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ (PUSU) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शांतनु शेखर का नागरिक अभिनंदन समारोह आज एक्जीबिशन रोड स्थित होटल आस्था इन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षाविदों एवं युवाओं की बड़ी संख्या उपस्थित रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गोरेलाल यादव ने कहा कि छात्र राजनीति लोकतंत्र की आधारशिला है और शांतनु शेखर की जीत युवाओं की जागरूकता, संघर्ष एवं नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शांतनु अपने कार्यकाल में छात्रहितों की रक्षा करते हुए शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पटना विश्वविद्यालय की गौरवशाली छात्र राजनीति की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए माननीय लालू प्रसाद यादव जी के बाद वर्ष 2019 में मनीष यादव तथा अब वर्ष 2026 में शांतनु शेखर का अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त करना इस ऐतिहासिक श्रृंखला को और अधिक सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के बढ़ते नेतृत्व, सामाजिक जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती का प्रतीक है।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद लालबाबू राय ने कहा कि पटना विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति ने देश को अनेक बड़े नेता दिए हैं और शांतनु शेखर भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, संगठन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शांतनु शेखर ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों एवं समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी और प्रेरणा दोनों है। उन्होंने कहा कि वे छात्रहित, शैक्षणिक सुधार, विश्वविद्यालय की गरिमा एवं छात्रों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे तथा सभी छात्रों को साथ लेकर सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर अतिथियों ने शांतनु शेखर को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार विभु, प्रदेश प्रधान महासचिव के. पी. यादव, प्रदेश महासचिव अजय यादव, सुरेश कुमार, महासभा की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रूबी कुमारी, पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष मनीष यादव सहित समाज के कई गणमान्य लोग, छात्र प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
