बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार की अध्यक्षता में प्रेस सलाहकार समिति की बैठक आज 03:00 बजे अपराह्न में आयोजित हुई। इस बैठक में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों से अष्टादश बिहार विधान सभा के द्वितीय सत्र के आगामी उपवेशन के सकारात्मक कवरेज के संबंध में विचार–विमर्श किया। साथ ही, माननीय अध्यक्ष ने बजट सत्र से पूर्व आयोजित समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी सदस्यों को दी।
इसी बैठक के दौरान अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने बिहार विधान सभा की मासिक पत्रिका “विधान प्रबोधनी” के विशेषांक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पत्रिका विधायिका से जुड़े विभिन्न पहलुओं और संसदीय प्रणाली से जुड़ी कई सारगर्भित आयामों को अपने में समेटे हुए है। यह संसदीय प्रणाली तथा विधायी कार्यों में रूचि रखने वाले पाठकों के ज्ञानवर्धन में सहायक साबित होगी। इस अंक में 18वीं बिहार विधान सभा का गठन, बिहार विधान सभा स्थापना दिवस 2026, लखनऊ में आयोजित 86वां अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन, बजट सत्र-2026, नई दिल्ली में आयोजित 28वां राष्ट्रमंडल के अध्यक्षों एवं पीठासीन अधिकारियों का सम्मेलन, माननीय विधायकों से प्राप्त विभिन्न आलेख , संघर्ष से शीर्ष नेतृत्व तक : नितिन नवीन, संसदीय कार्यवाही में सदस्यों की भागीदारी, संसदीय गतिविधियां : भारतीय संदर्भ में इत्यादि से संबंधित आलेखों सहित जिला विशेष के रूप में गयाजी जिले पर केंद्रित आलेख एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आलेख संकलित हैं। उन्होंने कहा कि विधान प्रबोधनी का यह अंक बिल्कुल नए कलेवर में प्रस्तुत किया गया है, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने पत्रिका के संपादकमंडल को विशेषांक के समयबद्ध प्रकाशन हेतु विशेष रूप से बधाई दी।
इस बैठक में बिहार विधान सभा के उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव, बिहार विधान सभा की प्रेस सलाहकार समिति के सदस्यों एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों समेत विधान सभा की प्रभारी सचिव श्रीमती पूनम सिन्हा एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक श्री अनिल कुमार सहित सभा सचिवालय के पत्रिका प्रकाशन से जुड़े वरीय पदाधिकारीगण मौजूद रहे ।
इस बैठक के पश्चात दिनांक– 24–04–2026 को प्रस्तावित अष्टादश बिहार विधान सभा के द्वितीय सत्र के आगामी उपवेशन के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, चिकित्सा, सफाई, पार्किंग सहित अन्य सभी व्यवस्था सुचारू रूप से करने के उद्देश्य से बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक विधान सभा के वाचनालय में 04:00 बजे अपराह्न में आयोजित हुई।
माननीय अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने बजट सत्र के सफल संचालन हेतु सभी विभागों एवं पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चले, इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने विधान सभा एवं परिषद् में अधिष्ठापित सी सी टी वी कैमरों, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, चिकित्सा, सफाई, पार्किंग सहित अन्य सभी व्यवस्थायें चाक-चौबंद कर लेने का निर्देश दिया।
माननीय उप मुख्यमंत्री–सह–संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि इस सत्र में नवगठित सरकार द्वारा पेश विश्वास मत के प्रस्ताव पर विचार–विमर्श एवं मतदान होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सदन के सुचारू रूप से संचालन में सरकार पूर्ण सहयोग करेगी। सरकार अपनी जिम्मेवारी के निर्वहन के लिए सदा मुस्तैद है ।
इस बैठक में माननीय उप मुख्यमंत्री–सह–संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधान सभा के माननीय उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक ( विशेष ) श्री कुंदन कृष्णन सहित कई विभागों के पदाधिकारीगण एवं पटना के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस एम, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के शर्मा तथा नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा एवं सिविल सर्जन सहित श्रीमती पूनम सिन्हा, प्रभारी सचिव, बिहार विधान सभा एवं श्री शंकर कुमार, प्रभारी सचिव, बिहार विधान परिषद् उपस्थित रहे ।
