मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के अध्यक्षता में मुंगेर जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। तारापुर स्थित सिंचाई प्रमंडल परिसर में आयोजित बैठक में पथ निर्माण विभाग, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, पर्यटन विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से संबंधित चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

समीक्षा बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर-खड़गपुर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के काम में तेजी लाकर उसे यथाशीघ्र पूर्ण कराएं। इस पथ के निर्माणाधीन होने से कई जगहों पर रास्ता बाधित हुआ है, जिससे आवागमन में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यहां कई जगहों पर नहरों का पक्कीकरण का कार्य चल रहा है। पक्कीकरण का कार्य इस ढंग से कराएं कि बरसात के दिनों में भी मिट्टी का बहाव नहीं हो सके। मुंगेर स्थित योगाश्रम की सम्पर्कता और बेहतर हो सके, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। मुंगेर मिर्जाचौकी फोरलेन परियोजना के तहत मुंगेर से भागलपुर के बीच निर्माणाधीन सड़क को 15 जून तक हर हाल में पूर्ण कराएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्सौल-हल्दिया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए जल्द से जल्द जमीन का अधिग्रहण कराकर काम शुरू कराएं, यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है। यहां जितने डैम हैं, उनमें सोलर प्लांट लगाने हेतु कार्ययोजना तैयार करें। असरगंज में तीर्थ यात्री शेड निर्माण का कार्य तेजी से पूर्ण कराएं ताकि सावन माह (जुलाई एवं अगस्त) में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं का इसका लाभ मिल सके। जल संसाधन विभाग एवं लघु जल संसाधनविभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी विकास कार्य किए जा रहे हैं उन्हें 31 मई तक हर हाल में पूर्ण कराएं क्योंकि 5 जून के बाद बारिश शुरू हो जाती है।

इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक, ऑपरेशन श्री कुंदन कृष्णन, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री नंद किशोर, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री राकेश कुमार, जिलाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक श्री सैयद इमरान मसूद सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
