बिहार विधान सभा के अध्यक्ष ने मातृ दिवस के अवसर पर देश एवं प्रदेश की सभी माताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति होती हैं।
डॉ. प्रेम कुमार ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि एक मां अपने त्याग, ममता, संस्कार और समर्पण से परिवार को सशक्त बनाती है तथा बच्चों को नैतिक मूल्यों एवं मानवता का पाठ पढ़ाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और मातृ शक्ति का सम्मान हमारी परंपरा एवं संस्कृति की पहचान है।
उन्होंने कहा कि माताएं समाज में प्रेम, सहनशीलता और सेवा की भावना को विकसित करती हैं। आज के समय में महिलाओं एवं माताओं का योगदान प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय है और देश की प्रगति में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने सभी नागरिकों से मातृ शक्ति के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया तथा मातृ दिवस पर सभी माताओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुख एवं समृद्धि की कामना की।
पहली बार ग्राफटन वेस्ट वर्जिनिया में अमेरिकन महिला एना जॉर्विस ने सभी माताओं और उनके मातृत्व को सम्मान देने के लिए मातृत्व दिवस मनाने की शुरुआत की थी। इसे औपचारिक रूप से 9 मई 1914 को अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति वुड्रो विल्सन द्वारा की गई थी। मातृ दिवस को दुनिया भर में मई महीने के दूसरे रविवार को मनाने की परंपरा है।
