जनता दल (यूनाइटेड) के दिल्ली प्रदेश महासचिव सर्वेश कश्यप ने वैश्विक स्तर पर उत्पन्न पेट्रोल-डीजल संकट के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत, वर्क फ्रॉम होम और डिजिटल माध्यमों के अधिक उपयोग की अपील का स्वागत करते हुए इसे दूरदर्शी एवं राष्ट्रहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम तथा ऐतिहासिक जनादेश बताया है।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया आर्थिक चुनौतियों और ऊर्जा संकट का सामना कर रही है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री द्वारा विदेशी मुद्रा की बचत, ईंधन की खपत कम करने तथा कोविड काल में अपनाई गई व्यवस्थाओं — जैसे वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग — को पुनः प्राथमिकता देने का संदेश अत्यंत प्रासंगिक है।

सर्वेश कश्यप ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की अत्यधिक खपत का सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता पर पड़ता है। यदि सरकारी संस्थान, निजी कंपनियां और आम नागरिक आवश्यकता अनुसार डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाएं तथा अनावश्यक यात्रा से बचें, तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक खर्चों से बचना चाहिए तथा सोने जैसी गैर-जरूरी खरीदारी में संयम बरतना चाहिए, ताकि देश की विदेशी मुद्रा सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि यह समय व्यक्तिगत सुविधा से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का है।

जदयू सर्वेश नेता ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को भी मजबूत करने वाला ऐतिहासिक जनादेश है। उन्होंने दिल्ली सहित देशवासियों से अपील की कि वे ईंधन बचत और डिजिटल कार्य संस्कृति को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
