लोकेश कुमार सिंह ने आज मुख्य सचिवालय स्थित पर्यटन विभाग कार्यालय में पर्यटन सचिव का पद्भार ग्रहण किया। इस अवसर पर पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव श्री उदयन मिश्रा एवं संयुक्त सचिव श्रीमती इंदु कुमारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। पर्यटन सचिव ने बताया कि पर्यटन विभाग अपने लक्ष्य के अनुरूप राज्य में पर्यटकीय सुविधाओं का विस्तार हो, इस पर सतत कार्य कर रहा है।
उनकी प्राथमिकता रहेगी कि पर्यटन विभाग की सभी योजनाओं का ससमय कार्यान्वयन सुनिश्चित हो। प्रगति यात्रा में चयनित सभी योजनाओं को समय सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटन नीति के तहत राज्य में ज्यादा से ज्यादा निवेश आए, इसके लिए विभाग सतत कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि सीतामढ़ी जिला अंतर्गत पुनौराधाम में माता सीता के भव्य मंदिर का ससमय निर्माण पर्यटन विभाग की प्राथमिकता सूची में सर्वोच्च है। इसके साथ ही विभिन्न पर्यटन सर्किट यथा रामायण सर्किट, बौद्ध सर्किट, शिव शक्ति सर्किट आदि पर आधारभूत संरचनाओं का निर्माण का लक्ष्य पर्यटन विभाग द्वारा तय किया गया है। पर्यटन विभाग द्वारा नयी पहलों के माध्यम से पर्यटन के सभी हितधारकों को विभाग से जोड़ा जाएगा।
