बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, गन्ना विकास कार्यक्रमों, क्षेत्र विस्तार कार्यों, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने राज्य में गन्ना उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि हेतु योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ समय पर एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा क्षेत्र स्तर पर योजनाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के क्रम में गन्ना क्षेत्र विस्तार योजना, उन्नत प्रभेदों के बीज वितरण, गन्ना सर्वेक्षण, कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग, सिंचाई व्यवस्था, जैविक एवं संतुलित उर्वरक प्रयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण सहित विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। माननीय मंत्री ने किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने एवं अधिकाधिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने का निर्देश दिया, ताकि खेती की लागत में कमी एवं उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
बैठक में चीनी मिलों की कार्यप्रणाली, गन्ना आपूर्ति व्यवस्था, पेराई सत्र की तैयारी एवं किसानों के हित में किए जा रहे समन्वयात्मक कार्यों की भी समीक्षा की गई। माननीय मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
माननीय मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से क्षेत्रीय स्तर पर नियमित भ्रमण कर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने, फसल की स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों के संरक्षण एवं उनकी आय में वृद्धि के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री के. सेंथिल कुमार, ईखायुक्त श्री अनिल कुमार झा, विशेष कार्य पधादिकारी श्रीमती प्रीति सिन्हा, संयुक्त ईखायुक्त श्री वेदव्रत कुमार सहित विभाग के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
