बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए माननीय प्रधानमंत्री के पेट्रोल-डीजल के खपत को घटाने तथा सार्वजनिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के आह्वान के मद्देनजर बिहार विधान सभा सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवासित स्थानों से कार्यालय आवागमन हेतु पिंक एवं ग्रीन बस के परिचालन के संबंध में परिवहन विभाग के मंत्री श्री दामोदर रावत एवं अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।
इस बैठक में बिहार विधान सभा सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवासित स्थानों से कार्यालय आवागमन हेतु पिंक, ग्रीन ( सीएनजी) एवं इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन के संबंध में विस्तारपूर्वक विचार–विमर्श हुआ। परिवहन विभाग के सचिव श्री राज कुमार ने माननीय अध्यक्ष को जानकारी दी कि सचिवालय कर्मियों के लिए विभाग द्वारा चिह्नित विभिन्न रूटों पर 6 इलेक्ट्रिक बस एवं 5 पिंक बस का परिचालन वर्तमान में किया जा रहा है, जिसका उपयोग सभा सचिवालय के कर्मी भी कर सकते हैं।

सभा सचिवालय द्वारा निम्न रूटों पर बस परिचालन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई :
1. एम्स, पटना से फुलवारीशरीफ, अनीसाबाद, चितकोहरा, कच्ची तालाब, गर्दनीबाग, मीठापुर होते हुए बिहार विधान मंडल सचिवालय तक
2. सगुना मोड़ से आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना मोड़, रामनगरी, राजीवनगर थाना, राजवंशी नगर, शास्त्री नगर होते हुए बिहार विधान मंडल सचिवालय तक

3. धनकी मोड़ से कुम्हरार, भूतनाथ मोड़, एन एम सी एच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया, आर ब्लॉक होते हुए बिहार विधान मंडल, निर्वाचन आयोग एवं विकास भवन तक जिस पर परिवहन मंत्री ने तत्काल सहमति जताई।
बिहार विधान सभा सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवासित स्थानों से कार्यालय आवागमन हेतु एम्स, पटना से बिहार विधान मंडल सचिवालय रूट के लिए एक इलेक्ट्रिक , एक सीएनजी एवं एक पिंक बस ;
सगुना मोड़ से बिहार विधान मंडल सचिवालय रूट के लिए एक इलेक्ट्रिक बस; धनकी मोड़ से बिहार विधान मंडल, निर्वाचन आयोग एवं विकास भवन रूट के लिए एक इलेक्ट्रिक , एक सीएनजी एवं एक पिंक बस का परिचालन सोमवार, दिनांक 25–05–2026 से आरंभ करा दिया जायेगा। माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार अपने आवास 3, सर्कुलर रोड से सोमवार, दिनांक 25–05–2026 की सुबह 08:00 बजे हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना करेंगे।
इस बैठक में विधान सभा के उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र नारायण यादव एवं परिवहन विभाग के सचिव श्री राज कुमार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्री अतुल वर्मा एवं अन्य पदाधिकारीगण सहित सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव एवं वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
