भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि बिहार में भाजपा के मुख्यमंत्री बनते हीं गरीबों की झोपड़ी पर बुलडोजर चलने लगा है। पूरे बिहार में वर्षों से बसे गरीबों और पर्चाधारियों को उजाड़ा जा रहा है। ताजा घटना शिवहर और मधुबनी का है, जहां वर्षों से बसे भूमिहीन गरीबों के घरों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य सरकार से बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था किये गरीबों का घर उजाड़ने पर रोक लगाने की मांग करती है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमण्डल जिसमें पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय, राज्य सचिव मंडल सदस्य अजय कुमार सिंह, शिवहर जिला सचिव रामनरेश कुँवर, पूर्व जिला सचिव, जग नारायण साह, किसान नेता सच्चिदानंद सिंह शामिल थे। शिवहर जिला के पिपराही में पार्टी के सहायक जिला सचिव हैदर अली के घर को प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर जमींदोज किये जाने की घटना का घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया। विदित हो कि अनुमंडल पदाधिकारी शिवहर सदर के आदेश पर पिपराही प्रखण्ड प्रशासन ने कम्युनिस्ट नेता हैदर अली जो पिछले कई पीढ़ियों से पिपराही में सपरिवार घर बनाकर रह रहे थे जिसे विगत 31 मई 2026 को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। भूमिहीन हैदर अली का घर ध्वस्त हो जाने से पूरी तरह सपरिवार बेघर हो गये है और पूरे परिवार खानाबदोश की जिन्दगी जीने पर मजबूर हो गये हैं।
राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल अनुमंडल पदाधिकारी शिवहर सदर से मिलकर घटना पर आक्रोश प्रकट किया और वगैर वैकल्पिक व्यवस्था किए घर उजाड़े जाने को प्रशासन की निरंकुश कार्रवाई बताया। प्रतिनिधिमण्डल नें अनुमंडल पदाधिकारी शिवहर सदर से तत्काल हैदर अली को आवासीय व्यवस्था कर जमीन मुहैया कराने की मांग की। अगर प्रशासन यथाशीघ्र आवासीय जमीन उपलब्ध नहीं कराती है तो पार्टी प्रशासन की लाल फीताशाही के खिलाफ तीखा आंदोलन करने पर बाध्य होगी।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि गरीबों पर इस तरह की जा रही कार्रवाई संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य सरकार के इस कार्रवाई के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन चलाएगी।
