बुधवार को प्रदेश जदयू मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुँचे फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन मंत्री श्री रत्नेश सदा ने भी अपने विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की।

इस मौके पर श्री निशांत कुमार ने कहा कि राज्य में ट्राॅमा सेंटरों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नए ट्राॅमा सेंटर बनाए जाएंगे। 9 ट्राॅमा सेंटर परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक टोल प्लाजा पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी ताकि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल लोगों को तत्काल पास के ट्राॅमा सेन्टर तक पहुँचाया जा सके।

श्री निशांत कुमार ने कहा कि बिहारवासियों को चैबीसो घंटे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तमाम जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा। जरूरत पड़ने पर वे स्वयं अस्पतालों के निरीक्षण पर निकला करेंगे। उनकी कोशिश होगी कि सरकारी अस्पतालों पर लोगों का भरोसा मजबूत हो और वे विश्वास के केन्द्र बनकर उभरें। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पीएमसीएच में सांस संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए अब 24 घंटे इमरजेंसी सेवा उपलब्ध रहेगी।

जनसुनवाई में आए फरियादियों ने मंत्रियों की संवेदनशीलता एवं समस्याओं के त्वरित निष्पादन की सराहना की। इस मौके पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, डाॅ0 नवीन आर्य चन्द्रवंशी, ई. रामचरित्र प्रसाद, श्री लोकप्रकाश सिंह, श्री अरविन्द कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह एवं अन्य नेतागण मौजूद रहे।
