हिंदू धर्म में पूजा-पाठ, यज्ञ और हवन का विशेष महत्व माना गया है. किसी भी शुभ कार्य, धार्मिक अनुष्ठान, गृह प्रवेश, विवाह, मुंडन या विशेष पूजा में हवन करना शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि हवन करने से वातावरण पवित्र होता है

हवन के माध्यम से मनुष्य अपनी श्रद्धा और भक्ति देवताओं तक पहुंचाता है. यही कारण है कि हर आहुति के साथ “स्वाहा” शब्द का उच्चारण किया जाता है. बिना “स्वाहा” बोले हवन अधूरा माना जाता है.धार्मिक मान्यता के अनुसार “स्वाहा” शब्द का अर्थ शुभ वाणी या उत्तम उच्चारण माना गया है. इसलिए हर मंत्र के अंत में “स्वाहा” का उच्चारण करना आवश्यक माना गया है.

स्वाहा देवी की पौराणिक कथा पौराणिक कथा के अनुसार, सृष्टि के आरंभ में ब्रह्माजी ने यज्ञ किया और उसकी आहुति देवताओं को अर्पित की. इससे देवता संतुष्ट हो गए, लेकिन मनुष्यों द्वारा दी गई आहुतियां देवताओं तक नहीं पहुंच पा रही थीं. इस समस्या से परेशान होकर देवताओं ने ब्रह्माजी से सहायता मांगी. तब ब्रह्माजी ने भगवान विष्णु के निर्देश पर आदिशक्ति का स्मरण किया. उनके स्मरण से देवी शक्ति अपने अंश से “स्वाहा देवी” के रूप में प्रकट हुईं. इसके बाद ब्रह्माजी ने अग्निदेव को स्वाहा देवी के पास भेजा. अग्निदेव ने वेदों में वर्णित विधि से स्वाहा देवी की पूजा और स्तुति की. उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर स्वाहा देवी ने अग्निदेव को स्वीकार कर लिया और दोनों का विवाह संपन्न हुआ.
मान्यता है कि तभी से ऋषि-मुनि और विद्वान हवन में मंत्रों के अंत में “स्वाहा” बोलकर आहुति देने लगे. कहा जाता है कि अग्नि में समर्पित हवन सामग्री का सूक्ष्म भाग स्वाहा देवी ही देवताओं तक पहुंचाती हैं. इसी कारण हवन के समय “स्वाहा” का उच्चारण अत्यंत आवश्यक माना गया है.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हवन करने से घर और आसपास का वातावरण सकारात्मक बनता है. इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और मन में शांति का अनुभव होता है. हवन में प्रयुक्त समिधा, जड़ी-बूटियां, घी और अन्य प्राकृतिक सामग्री अग्नि में जलने के बाद वातावरण को शुद्ध करने में सहायक होती हैं. इससे हवा में मौजूद कई प्रकार के रोगाणु और विषाणु नष्ट होते हैं. . धार्मिक मान्यता यह भी है कि हवन और यज्ञ से देवता प्रसन्न होते हैं तथा सुख, समृद्धि, धन, बल और ऐश्वर्य का आशीर्वाद प्रदान करते हैं |
सौजन्य – स्टेट मिरर
