गुरुवार को जद (यू0) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री डाॅ0 अशोक चौधरी ने प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उन्होंने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी मौजूद रहे।

मंत्री अशोक चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल की जाती है।

उन्होंने कहा कि निशांत हमारी पार्टी का भविष्य हैं। जद (यू0) परिवार के लाखों कार्यकर्ता उनकी ओर आशा और विश्वास भरी नजरों से देख रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए श्री चौधरी ने कहा कि वे पर्याप्त जानकारी के अभाव में अक्सर तथ्यहीन बयानबाजी करते हैं, इसलिए अब जनता उनकी बातों को अधिक तवज्जो नहीं देती।

भरत तिवारी प्रकरण पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ मामले की जांच करा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी ने न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। ऐसे में इस मामले पर अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
