जदयू प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री शीला मंडल ने प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के विधि-सम्मत त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस मौके पर कार्यक्रम के समन्वय हेतु प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा मौजूद रहीं।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में शीला मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2016 में शराबबंदी लागू कर समाज सुधार की दिशा में साहसिक और महत्वपूर्ण कदम उठाया था। इसके बाद से प्रदेश के सामाजिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की मेहनत की कमाई अब शराब पर खर्च होने के बजाय बच्चों की पढ़ाई, परिवार की जरूरतों और घर की खुशहाली पर खर्च हो रही है।
शराबबंदी के कारण परिवारों में आर्थिक बचत बढ़ी है, घरेलू हिंसा में कमी आई है और महिलाओं के जीवन में सुरक्षा एवं सम्मान का भाव मजबूत हुआ है। शराबबंदी ने सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक खुशहाली को मजबूती देने का काम किया है।
