जद (यू0) प्रदेश कार्यालय, पटना में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री रत्नेश सदा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्री शंभू कुशवाहा मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत करते हुए श्री दामोदर रावत ने कहा कि एनडीए सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति पूरी तरह सख्त है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम है और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कहीं भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन त्वरित कार्रवाई करता है और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

श्री रत्नेश सदा ने कहा कि शराबबंदी लागू होने के बाद समाज में अमन-चैन का माहौल कायम हुआ है और इसका सबसे बड़ा लाभ महिलाओं को मिला है। उन्होंने कहा कि शराब के कारण होने वाली घरेलू हिंसा और पारिवारिक कलह में कमी आई है। पहले जिन महिलाओं को घर से बाहर निकलने में असुरक्षा और भय महसूस होता था, आज वे अधिक आत्मविश्वास के साथ सार्वजनिक जीवन में अपनी भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि शराब की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। शराब के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
