जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर के नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर गुरुवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में गए व लोगों से मिले। इस दौरान लोगों से उनकी समस्याओं को जाना व अपनी बातें भी रखी। इस दौरान जनता रोड स्थित एक हाल में प्रशांत किशोर ने कहा कि आपने बीजेपी को बांकीपुर में हराया है, उसका असर देखिए सरकार वही है व्यवस्था वही लेकिन पिछले 12-15 दिन में किसी बच्चे की हत्या एनकाउंटर, हॉफ एनकाउंटर के नाम पर नहीं हुई है, जाति-गमछा देखकर मारने की बात बिहार में बंद हो गई। ये बांकीपुर में आपके वोट का असर है। यहां पर जिन गरीब लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा था बांकीपुर में चुनाव के बाद किसी भी व्यक्ति के घर पर बुलडोजर नहीं चला है। पूरे देश में बांकीपुर के लोगों की चर्चा हो रही है कि यहां के लोगों ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर दलों की बात न सुनकर पैसे, दारू, मुर्गा भात के लालच से ऊपर उठकर अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए वोट दिया है।

सम्राट चौधरी का हटना तय: PK
पीके ने कहा कि आने वाले समय में निश्चित तौर पर सम्राट चौधरी को सीएम के पद से हटना पड़ेगा। कोई बेहतर आदमी मुख्यमंत्री बनेगा। लेकिन जितने दिन भी सम्राट चौधरी सीएम पद पर बने रहेंगे अब कोई बड़ी गलती नहीं कर पाएंगे। क्योंकि लोगों का दबाव है। लोगों ने देख लिया है कि अगर फेक एनकाउंटर करवाओगे, गरीब आदमी के झोपड़ी पर बुलडोजर चलाओगे, लोगों का राशन कार्ड से नाम काटोगे, तो जनता तुमको हरा भी सकती है।

पीके ने कहा कि आपने सामुदायिक और पेय जल की जो समस्या बताई हैं उसको नोट कर लिया गया है। अगस्त में हम हर वार्ड में जाएंगे। आपको हमारे यहां कम आना पड़े इसके लिए वार्ड के स्तर पर आपकी समस्या सुन लें कि कौन सी समस्या से आप सबसे ज्यादा परेशान हैं। अगस्त खत्म होते होते हर वार्ड में राजनैतिक रुप से सबसे सक्रिय 50 लोगों की एक समिति यहां बनाएंगे जो एक तरीके सलाहकार के तौर पर आपके वार्ड में हमारे साथ मिलकर काम करेगा। ताकि जो समस्या आप बता रहे हैं इन समस्याओं का निदान जब हम सरकार के साथ या नगर निगम के साथ मिलकर शुरु करें तो यह खबर हो कि यह काम सुधर रहा है कि नहीं सुधर रहा है।

पीके ने कहा कि एक सुझाव देंगे कि जो भी नाली-गली की समस्या आपके यहां है बिजली के लिए कोई पैसा मांग रहा है या कोई दूसरा सरकारी कर्मचारी ठीक से काम नहीं कर रहा है आपको परेशान कर रहा है, तो अगली बार जब आप हमसे मिलिए या हमारे कार्यालय आइए तो उस पदाधिकारी का विभाग और नाम नंबर जरूर लिखिए। आपके यहां कोई कार्यपालक अभियंता है, नगर निगम का ठेकेदार है, जो भी गलती कर रहा है उसका नाम नबंर हमको बताइए ताकि उस पर कार्रवाई की जा सके।
पीके ने कहा कि तीन-चार वादा हमने आपसे किया था। पहली बात मैंने कही थी कि विधायक से जुड़े हुए मामले में कोई कमीशन खोरी नहीं होगी। इसका असर होगा कि जितने यहां गरीब परिवार के लोग हैं जिनको राशन कार्ड बनाने में चाहे नाम कट गया है या कार्ड बनाने में घूस मांगा जा रहा है, या जिनका राशन कार्ड बना हुआ है पांच किलो की बजाए 4 किलो राशन मिल रहा है, ये समस्या अगले तीन महीने में खत्म हो जाएगी। हर वह व्यक्ति जिसको राशन कार्ड मिलना चाहिए उसको बिना एक रुपये घूस दिए ही राशन कार्ड बनेगा। पीके ने कहा कि बांकीपुर के लगभग 60 प्रतिशत बच्चे प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं, स्कूल वाले मनमानी फीस वसूल रहे हैं। इसको नवंबर तक हर संभव सुधारने का प्रयास किया जाएगा।
बता दें कि प्रशांत किशोर ने पहली आभार सभा जनता रोड में की। इसके बाद दूसरी सभा टीपीएस कॉलेज, चिरैयाटांड में की।
