2024 में केंद्र से भाजपा को उखाड़ फेको: डी राजा

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने बृहस्पतिवार को राजधानी पटना के मिलर स्कूल मैदान में भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली आयोजित की। रैली में लाखों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली में जन सैलाब उमड़ पड़ा। महिलाओं, युवाओं और खेत मजदूरों की तादाद अधिक थी। मैदान के अतिरिक्त इनकम टैक्स से लेकर आर ब्लॉक चौराहे तक भीड़ लगी हुई थी। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में शामिल भाकपा सहित जदयू, राजद, कांग्रेस, माकपा और भाकपा माले के नेताओं ने भी रैली को संबोधित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रस्ताव यादव ने रैली को संबोधित किया। रैली की अध्यक्षता भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने की जबकि संचालन पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने किया। वहीं केंद्र सरकार के खिलाफ प्रस्ताव एम जब्बार आलम ने पेश किया जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। विराट रैली को संबोधित करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में केंद्र की सत्ता से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में गरीबों का कार्य नहीं हो रहा है। दलित, आदिवासी और पिछड़ी जातियों को केंद्र की सरकार अनदेखी कर रही है। इन जातियों के लोगों को मजबूत करने की जरूरत है। गरीबों को रोजी, रोजगार और कपड़ा चाहिय जो उन्हें नहीं मिल रहा है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए केंद्र की सत्ता से मोदी सरकार को हटाना होगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने जातीय गणना कराकर अच्छा कार्य किया है। जातीय गणना पूरे देश में होनी चाहिये। भाजपा-आरएसएस देश को बर्बाद करने पर तुला हुआ है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को पूंजीपतियों के हाथों बेचा जा रहा है। रुपये का लगातार अवमूल्यन हो रहा है।


श्री राजा ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार को हटाकर 2024 में जनपक्षीय सरकार बनाना है, इसलिए विपक्षी एकजुटता जरूरी है। विपक्षी एकजुटता की शुरुआत बिहार से हुई है। मोदी सरकार गरीब विरोधी और पूंजीपतियों का हितैषी है इसलिए आने वाले चुनाव में सत्ता से भाजपा को हटाना है। मणिपुर में डबल इंजन की सरकार रहने के बावजूद मणिपुर जल रहा है। उत्तर प्रदेश में बुलडोजर की सरकार चल रही है। पांच राज्यों में हो रहे विधान सभा चुनाव में भाकपा ने भाजपा को परास्त करने का आह्वान किया है।

भाकपा महासचिव ने कहा कि हमारी पार्टी का स्टैंड साफ है। विपक्षी एकता को मजबूती देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बिहार में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाना है इसलिए अगले साल होने वाले चुनाव में भाजपा को हराना है। एटक की राष्ट्रीय महासचिव व भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अमरजीत कौर ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने हमेशा संविधान और तीरंगा का अपमान किया है। मोदी सरकार गरीबों की नहीं पूंजीपतियों की सरकार है। मोदी सरकार में भुखमरी बढ़ी है। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा है, उल्टे नौकरी छीनी जा रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई से देश की जनता परेशान है। आजादी के आंदोलन में आरएसएस-भाजपा का कोई योगदान नहीं है। कम्युनिस्ट नेता हसरत मोहानी ने पहली बार 1921 में संपूर्ण आजादी की मांग की थी। सीपीआई के राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण पांडा ने कहा कि मोदी सरकार शिक्षा का निजीकरण कर रही है। गरीबों से शिक्षा व्यवस्था दूर की जा रही है। मोदी सरकार खेत मजदूरों, आदिवासियों और संविधान पर हमला कर रही है। रुपये लगातार गिरते जा रहे हैं। किसानों की जमीन छीनकर पूँजीपतियों को खेती के लिए सौंपी जा रही है। यह सरकार गरीबों की नहीं आडानी-अंबानी की है। इस सरकार को सत्ता से हटाना है।


जदयू नेता व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा बृहस्पतिवार को मिलर हाई स्कूल में आयोजित भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई से जिनका कोई लेना-देना नहीं है, वे बापू के कार्यों को भुलाना चाह रहे हैं। हमने सभी विपक्षी दलों से बात कर एकजुट होने का आहवान किया। सभी विपक्षी दलों की देश के विभिन्न जगहों पर बैठकें हुई और आईएनडीआईए (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव एलाएंस) का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, विधानसभा चुनाव के बाद हमलोगों की बैठकें होगी। देश में अभी जो शासन में हैं उनके खिलाफ सभी विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं। कुछ लोग हिंदू-मुस्लिम में झंझट कराना चाहते हैं। हिंदू-मुस्लिम में कोई झंझट नहीं है। वर्ष 2007 से बिहार में कोई ऐसी परिस्थिति नहीं आई है और सभी चीजों को नियंत्रित किया गया है। बिहार में सभी लोगों को हमने एकजुट किया है। देश में किसी धर्म को माननेवाले लोग हों, सभी एकजुट हैं। कुछ गड़बड़ करनेवाले लोग हैं। बिहार में कई बेहतर कार्य किए गए हैं। उन्होंने बिहार में किये गये कार्यो की उपलब्धियाँ गिनायी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी से हमारा पुराना संबंध है। जब वर्ष 1987 में हम विधानसभा का चुनाव लड़ रहे थे तो सीपीआई- सीपीएम के लोगों ने हमारा सहयोग किया था। हम आपसबों की इज्जत करते हैं। हमलोग समाजवादी हैं आपलोग कम्युनिस्ट हैं। देश की तरक्की के लिए हमलोगों को एक साथ मिलकर चलना जरूरी है। आपकी पार्टी में पुरुष के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी हैं। आज के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति देखकर मुझे खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि आपलोगों ने मुझे इस कार्यक्रम में बुलाया इसके लिए मैं पुनः आपलोगों को धन्यवाद देता हूँ। यहां उपस्थित सभी लोगों का मैं अभिनंदन करता हूँ। हमलोग एक साथ मिलकर देश हित में काम करेंगे।

भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली को संबोधित करते हुए राजद नेता व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला और 2024 के लोकसभा चुनाव में केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेंकने का आहवान किया। बिहार में जब से हमारी सरकार बनी और हम लोग नियुक्ति पत्र बांटने लगे तो देश के सबसे बड़े कलाकार का फिर से कलाकारी शुरू हो गया। देखा देखी वह भी नियुक्ति पत्र बांटने लगे तो हमलोगों ने एजेंडा तय कर दिया 2020 के बाद जहां भी चुनाव हुआ हर जगह बेरोजगारी और रोजगार के मुद्दे पर चुनाव हुआ और इसी पर बात करनी पड़ी।
श्री यादव ने कहा कि जब से हमारी सरकार बनी तो एक काम तो हुआ है जो अब तक हिंदू मुस्लिम की लड़ाई करते थे आज वह भी रोजगार की लड़ाई कर रहे हैं। अब असल मुद्दे पर बातचीत हो रही है। अभी पांच राज्यों के चुनाव हो रहे है। इसको लेकर इंडिया गठबंधन के कुछ नेता व्यस्त हैं, जब यह चुनाव खत्म हो जाएगा तो हम लोग आपस में बैठेंगे, मीटिंग करेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे। ‘‘अब हम लोग जब नौकरी बांटने का काम कर रहे हैं तो भाजपा वाले तलवार वांटने एवं रोजगार छीनने का काम कर रहे हैं।’’ आप देखिएगा आने वाले समय में बिहार में फिर से ईडी और सीबीआई और इनकम टैक्स की टीम आएगी। भाजपा का लोग जहां सत्ता में नहीं आता है वहां सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स छोड़ देता है। मध्य प्रदेश में क्या हुआ आप लोगों ने देखा तो यह लोग जब खेल खेल रहे थे बिहार में उल्टा उनके मुंह पर तमाचा मारकर महागठबंधन की सरकार बनाएं और बीजेपी को बाहर किए हैं। भारत सरकार गरीबों या आम आदमियों की सरकार नहीं है यह केवल पूंजीपतियों की सरकार है। यह लोग केवल दो-तीन लोगों के लिए काम करते हैं। यह लोग गरीबों के लिए काम नहीं कर रहे हैं इनका एक काम बता दीजिए जिसको उन्होंने गरीबों के लिए किया हो। बिहार में हम लोगों ने रोजगार का अवसर पैदा किया है और आगे भी करते रहेंगे।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र में आस्था रखने वाले राजनीतिक दलों ने एक साथ मिलकर संविधान विरोधी भाजपा को केंद्र की सत्ता से अपदस्थ करने का संकल्प लिया है।
पटना की यह क्रांतिकारी धरती इतिहास में कई बार सत्ता की परिवर्तन की धुरी रही है। एक बार फिर पटना की धरती से भाजपा मुक्त भारत का आहवान हो चुका है। 2024 के चुनाव में तानाशाही भाजपा का सम्पूर्ण सफाया निश्चित है। रैली को संबोधित करते हुए भाकपा माले की पोलिट ब्यूरो सदस्य मीणा तिवारी ने कहा कि हत्यारों का विश्वगुरू हिन्दुस्तान को नहीं बनना है। झोला उठाकर चले जाने की बातें करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झोला भड़ने में लगे हुए हैं। मोदी सरकार में भूखमरी बढ़ी है। 60 फीसदी महिलाओं में खून की कमी है। देश लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए जनता को एक बड़ी लड़ाई लड़नी होगी। भाकपा की रैली को संबोधित करते हुए माकपा के राज्य सचिव ललन कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार ने करवट बदला है, अब देश करवट बदलेगा। नौ अगस्त 2022 को बिहार में भाजपा को सबका सिखाने का कार्य किया गया। मोदी सरकार संविधान और न्यायपालिका पर हमला कर रही है। बैंक और जीवन बीमा कंपनी का निजीकरण किया है। किसानों मजदूरों की स्थिति ठीक नहीं है। यह सरकार सभी फैसले पूंजीपतियों के हित में लेती है।

You may have missed