नालंदा में मेहमान बनकर बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला को मारी गोली

न्यूज़ डेस्क –   शुक्रवार की देर शाम हिलसा शहर के नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 के अंतर्गत राममूर्ति नगर में मेहमान बनकर बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ महिला ने जबरदस्त दिलेरी का परिचय देते हुए एक बदमाश को कमरे में बंद कर दिया। घटना की सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय मोहल्ले वासियों एवं पुलिस के सहयोग से घायल महिला को आनन फानन में अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया । महिला की चिंताजनक स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने उसे पीएमसीएच पटना के लिए रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि राममूर्ति नगर निवासी सत्येंद्र प्रसाद की 55 वर्षीय पत्नी मीना देवी शुक्रवार की शाम अपने घर में खाना बना रही थी। इसी बीच चाय पीने का बहाना बनाकर तीन चार बदमाश घर में घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने अचानक गोलीबारी शुरु कर दिया। जहा महिला को पैर और पेट में गोली लगने से मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल होने के बावजूद भी महिला ने भाग रहे बदमाशों में से एक को कमरे में बंद कर दिया। गोलीबारी की आवाज सुनते ही पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सैकड़ों लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गये।

नागरिकों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद कमरे में बंद एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से पुलिस ने 3 -4 खोखा भी बरामद किया है। हिलसा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते हैं पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर से एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि घटना में शामिल सभी बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना के कारण के बारे में भी छानबीन की जा रही है। उन्होंने महिला की बहादुरी की जमकर तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed