रामनवमी एवं चैती दुर्गापूजा के अवसर पर प्रशासनिक व्यवस्था का देर रात तक जायजा लेते रहे पटना डीएम

शनिवार को  जिला दंडाधिकारी, पटना डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा है कि रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि- व्यवस्था का संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी संयुक्त जिलादेश में वर्णित निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें।

डीएम डॉ. सिंह ने आज वीर कुंवर सिंह पार्क, पटना में दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के सभी उपायों को ध्यान में रखकर प्रतिनियुक्ति की गई है। लगभग 324 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। इनके साथ सशस्त्र बल एवं लाठी बल को भी लगाया गया है। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी की समुचित व्यवस्था की गई है। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग का उचित प्रबंध किया गया है। डीएम डॉ सिंह ने संवेदनशील स्थानों पर अत्यधिक सतर्कता बरतने एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्ती से निपटने का निर्देश दिया । उन्होंने अधिकारियों को उनके दायित्वों को विस्तार से समझाते हुए कहा कि आपसी समन्वय के द्वारा किसी भी कार्य को बखूबी निभाया जा सकता है। उन्होंने नियंत्रण कक्षों को सतत क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।

विदित हो कि राज्य में रामनवमी पर्व दिनांक 10.04.2022 को मनाया जाएगा एवं चैती दुर्गा पूजा विसर्जन दिनांक 11.04. 2022 को संपन्न होगा। आज के इस ब्रीफिंग में अपर जिला दंडाधिकारी, विधि-व्यवस्था श्री कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक, मध्य श्री अंबरीष राहुल ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिशा-निदेशों से अवगत कराया। इस अवसर पर जिला के सभी वरीय पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

डीएम डॉ सिंह ने ब्रीफिंग के पश्चात महावीर मंदिर एवं वीर कुंवर सिंह पार्क के समीप पूजा की तैयारी के लिए बने नियंत्रण कक्ष, बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिया।

डीएम डॉ. सिंह एवं एसएसपी श्री ढिल्लो ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विधि-व्यवस्था संधारण एवं भीड़-प्रबंधन हेतु सभी तरह की प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर के पास बने ‘मे आई हेल्प यू’ में क्यूआरटी एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष में क्यूआरटी की प्रतिनियुक्ति की गई है। पर्याप्त संख्या में स्ट्राइकिंग फोर्स की व्यवस्था की गई है। अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किया गया है। वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई है। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। अहर्निश सक्रिय जिला नियंत्रण कक्ष (0612 2219810, 0612 2219234) पर कभी भी संपर्क किया जा सकता है। अधिकारीद्वय ने कहा कि यह त्योहार आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं प्रेम का प्रतीक है। हम सभी इस त्योहार को शांतिपूर्वक एवं आपसी बंधुत्व की भावना से मनाएं।

You may have missed