भाजपा मंडल के साथ भी कमंडल के साथ भी : सम्राट चौधरी

बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के पालीगंज में ओबीसी सम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा मंडल के साथ भी है तो कमंडल के साथ है।

सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे देश के गृह सह सहकारिता मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि यह गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार द्वारा पिछड़े और अति पिछड़े समाज के सम्मान, गौरव और उनके कल्याण के कई काम किए गए हैं।

उन्होंने कहा भाजपा हो या जनसंघ हो भाजपा ओबीसी की लड़ाई लड़ती रही है। बिहार में जब कर्पूरी ठाकुर जी को कैलाशपति मिश्र ने समर्थन देकर बिहार का मुख्यमंत्री बनाने का काम किया और पहली बार पिछड़ों को आरक्षण देने का काम किया गया।

उन्होंने कहा कि जब देश में मंडल कमीशन आया तब भी भाजपा के 84 सांसद साथ थे। भाजपा मंडल के साथ भी खड़ी है और कमंडल के साथ भी खड़ी है।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में जो डबल इंजन की सरकार बनी है उसके बाद गरीबों, पिछड़ों को तंग करने वालों के लिए कानून बना है। माफियाओं के लिए स्पष्ट मानना है कि माफिया या तो जेल में बंद होंगे या बिहार छोड़कर जाना होगा

उन्होंने कहा कि बिहार में एक कानून बना है जिसमे अति पिछड़ों के जमीन लेने वाले , गरीबों को तंग करने वालों पर कारवाई की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जिनको पांच किलो अनाज मिलता था अब उन्हें मोदी जी और नीतीश जी की सरकार ने पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज भी कराएगी।

You may have missed