दानापुर मंडल में राजभाषा सप्ताह – 2022 का शुभारंभ

दानापुर मंडल में दिनांक 14.09.22 से 21.09.22 तक राजभाषा सप्ताह मनाया जा रहा है। राजभाषा सप्ताह के क्रम में आज दिनांक 14.09.22 को परंपरानुसार मंडल रेल प्रबंधक,दानापुर द्वारा दीपप्रज्वलित कर राजभाषा सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) सहित सभी विभागध्यक्ष एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि 14 सितंबर,1949 को हिंदी हमारी राजभाषा घोषित हुई थी तब से हमलोग प्रतिवर्ष इसी तारीख को हिंदी दिवस मानते आ रहे हैं। 15 अगस्त 1947 को देश की आजादी के पश्चात हमारे नीति-नियंताओं को हमारा सरकारी कामकाज करने के लिए एक स्वतंत्र भाषा की जरूरत महसूस हुई। अतः काफी विचार-विमर्श के पश्चात हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया। तब से हिंदी हमारी राजभाषा अर्थात सरकारी कामकाज की भाषा बनी हुई है।और हम अंग्रेजी की परतंत्रता को हटाकर भाषाई रूप से स्वतंत्र हो गए। अब हमारी हिंदी हमारी अपनी कामकाज की भाषा हो गयी है और हमलोग खुशी-खुशी अपना कामकाज अपनी भाषा में करने लगे।
अनेकता में एकता ही हमारी पहचान है और इसी पहचान की बदौलत हम सदैव प्रगति के पथ पर अग्रसर होते रहे हैं। ठीक उसी प्रकार हमारे देश की कई प्रकार की भाषाएँ एवं अनेकों बोलियाँ होने के बावजूद हिंदी भाषाई एकता का प्रतीक है। ऐसा इसलिए कि इस बहु भाषा-भाषी देश में हिंदी ही एक ऐसी भाषा है जिसे देश के हर क्षेत्र के लोग यदि बोल नहीं सकते तो कम से कम समझ लेते हैं। अतः हमारा यह कर्तव्य है कि हम अधिक से अधिक काम अपनी भाषा अर्थात हिंदी भाषा में करें।अपनी भाषा में काम करने से हमें काम करने में काफी आसानी महसूस होती है और हम जो सोचते हैं उसे उसी रूप में अपनी भाषा में लिख भी सकते हैं।


मंडल रेल प्रबंधक हिंदी दिवस के पावन अवसर पर तमाम रेलकर्मियों से आग्रह किये कि वे सभी अपना सारा कामकाज हिंदी में ही करें। “क” क्षेत्र में स्थित होने के नाते हमारी यह वैधानिक जिम्मेदारी भी है कि हम अपने सारे कामकाज हिंदी में ही करें।

विदित हो दानापुर मंडल में राजभाषा सप्ताह के दौरान दिनांक 15.09.22 को राजभाषा क्विज, दिनांक 16.09.22 को नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग, दिनांक 19 व 20.09.22 को हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा।
मंडल रेल प्रबंधक महोदय की अध्यक्षता में दिनांक 21.09.22 को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया जायेगा। हिंदी सप्ताह समापन तिथि अर्थात दिनांक 21.09.22 को राजभाषा प्रदर्शनी तथा हिंदी सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा पुरस्कार का वितरण भी किया जायेगा।

You may have missed