छठ पर्व का आयोजन पूरी तरह इंसिडेंट-फ्री होना सुनिश्चित करें – कुमार रवि

आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना  कुमार रवि ने कहा है कि छठ महापर्व, 2022 का आयोजन पूर्णतः इंसिडेंट-फ्री (दुर्घटनामुक्त) होना चाहिए। उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात-प्रबंधन के लिए सभी पदाधिकारी सजग, सक्रिय एवं तत्पर रहें। वे आज इस पर्व के आयोजन हेतु आयुक्त कार्यालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित एक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। आयुक्त श्री रवि ने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था का महापर्व है। श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र प्रतिबद्ध है।

आयुक्त ने कहा कि इस अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्नत एवं सुविकसित कॉम्युनिकेशन प्लान के साथ सभी पदाधिकारी मुस्तैद रहें।

बैठक में आयुक्त श्री रवि ने घाटों/तालाबों की सफाई की व्यवस्था, घाटों तक पहुँचने हेतु पहुँच पथ का सुदृढ़ीकरण, सफाई एवं पार्किंग की व्यवस्था, खतरनाक घाटों को चिन्हित कर सुरक्षा हेतु उसकी बाँस से घेराबंदी, घाटों पर विद्युत एवं प्रकाश की व्यवस्था, महिला छठ प्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था, पेयजल/शौचालय की व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम, विधि-व्यवस्था संधारण, जेपी गंगा पथ पर आवश्यक व्यवस्था, फ्लेक्स/बैनर, अग्निशमन एवं अन्य बिन्दुओं पर एक-एक कर विस्तृृत समीक्षा की।

आयुक्त श्री रवि ने सभी पदाधिकारियों को दुर्गापूजा, दशहरा एवं रावण वध कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु बधाई देते हुए कहा कि आप लोगों ने कुशलतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन किया है तथा आशा है कि आगामी छठ महापर्व का भी सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करेंगे। सभी पदाधिकारियों को टीम भावना से काम करना होगा। नगर निकाय, जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, प्रशासन, विद्युत, भवन निर्माण विभाग, पीएचईडी, पथ निर्माण, पुल निर्माण, अग्निशमन सहित सभी विभागों के पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित करते हुए तत्परता एवं उत्कृष्टतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

विदित हो कि इस वर्ष छठ पर्व दिनांक 30-31 अक्टूबर, 2022 को मनाया जाएगा। दिनांक 28 अक्टूबर, 2022 को नहाय-खाय से पर्व का अनुष्ठान होगा। दिनांक 29 अक्टूबर, 2022 को खरना, दिनांक 30 अक्टूबर, 2022 को संध्या अर्घ्य एवं दिनांक 31 अक्टूबर, 2022 को प्रातः अर्घ्य का आयोजन होगा।

आयक्त श्री रवि ने कहा कि आज सुबह उन्होंने छठ घाटों का निरीक्षण किया था। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए सभी भागीदार(स्टेकहोल्डर्स) आपस में समन्वय कर सभी कार्य करें। छठ घाटों की तैयारी विशेष रूप से नगर निगम की जिम्मेदारी है। जल संसाधन विभाग से प्राप्त नदी के जल स्तर के प्रतिवेदन के आधार पर जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम आपस में समन्वय करते हुए कार्य योजना के अनुसार ससमय तैयारी पूर्ण करे। सभी सेक्टर पदाधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहें तथा घाटों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। आयुक्त श्री रवि ने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारियों की इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका है। गंगा नदी की गतिशीलता एवं जल स्तर के ट्रेंड पर लगातार नजर रखी जाए। पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय व्यक्तियों के साथ लगातार सम्पर्क स्थापित रखें। घाटों तक एप्रोच पथ पूर्णतः अवरोधमुक्त एवं सुगम रहे। सभी निर्माण एजेंसी अपनी-अपनी संरचनाओं की प्रक्रिया में जन सुरक्षा सुनिश्चित करे।

आयुक्त श्री रवि ने निदेश दिया कि संरचनात्मक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। आम लोगों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आयुक्त श्री रवि के संज्ञान में छठ पूजा की तैयारियों एवं प्रबंध को लाया गया। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों के 21 टीम द्वारा छठ महापर्व, 2022 के अवसर पर सम्यक तैयारी हेतु शहर के घाटों का निरीक्षण, खतरनाक घाटों की पहचान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने हेतु कार्रवाई की गई है। सभी टीम में सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी के साथ नगर निकायों के सफाई निरीक्षकों, पर्यवेक्षकीय पदाधिकारियों, अनुश्रवण पदाधिकारियों, नगर अंचलो के कार्यपालक पदाधिकारियों तथा कार्यपालक अभियंताओं को शामिल किया गया है। छठ महापर्व के आयोजन हेतु छठ पर्व कोषांग 24×7 क्रियाशील है।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों द्वारा जिला अन्तर्गत सभी घाटों का संयुक्त निरीक्षण कराया जा रहा है।

आयुक्त श्री रवि ने कहा कि श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधाओं के लिए घाटों पर सभी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध रहेगी। पुरूष एवं महिला के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल की सुविधा, पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम, छठव्रतियों के ठहरने हेतु यात्री शेड, घाटों के बाहर वाहन पार्किंग की सुविधा रहेगी। घाटों की बैरिकेडिंग की जाएगी। घाटों पर जाने के लिए सम्पर्क पथ की अच्छी स्थिति सुनिश्चित की जाएगी। वाच टावर, नियंत्रण कक्ष, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन किया जा रहा है।

आयुक्त श्री रवि ने कहा कि घाटों पर सफाई की उतम सुविधा रहेगी। उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पार्किंग स्थल पर बैरिकेडिंग/ड्रॉप गेट की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को घाटों के आस-पास एवं सम्पर्क पथ में अवस्थित विद्युत तारों को व्यवस्थित करने का निदेश दिया।

आयुक्त ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को घाटों पर नियंत्रण कक्ष, वाच टावर, चेंजिंग रूम एवं यात्री शेड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश दिया। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को शौचालय, चापाकल एवं यूरिनल की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया।

आयुक्त श्री रवि ने कहा कि पटना स्मार्ट सिटी लि. द्वारा सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन किया जा रहा है। इससे भीड़ पर निगरानी रखी जाएगी तथा अचूक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर साईनेज लगा रहेगा। नगर निकायों एवं विद्युत विभाग द्वारा घाटों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी। सिविल सर्जन द्वारा पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, पारा मेडिकल स्टाफ तथा चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। आपदा प्रबंधन कोषांग द्वारा एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। रिवर एम्बुलेंस भी तैनात रहेगा। यातायात पुलिस अधीक्षक द्वारा समाचार पत्रों में यातायात प्रबंधन से संबंधित सूचना प्रकाशित की जाएगी। आयुक्त श्री रवि ने पेजी गंगा पथ एवं अशोक राजपथ पर सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने का निदेश दिया।

आयुक्त श्री रवि ने कहा कि संध्या अर्घ्य का दिन अत्यंत संवेदनशील होता है। बहुत कम समय में काफी ज्यादा संख्या में लोग घाट से बाहर आते हैं। अतः भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

आयुक्त श्री रवि ने कहा कि इस अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। सिविल डिफेंस के कर्मी भी समुचित ड्रेस में मुस्तैद रहें। अफवाहों को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कार्रवाई करें।

आयुक्त श्री रवि ने डेंगू नियंत्रण हेतु सभी निरोधात्मक एवं सतर्कतामूलक कार्रवाई करने का निदेश दिया ताकि डेंगू का प्रसार न हो। नगर निगम, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग आपस में समन्वय कर सार्थक कार्रवाई करे।

आयुक्त श्री रवि ने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरा तंत्र सजग एवं सतर्क है।

आयुक्त श्री रवि ने कहा कि श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा के लिए सभी पदाधिकारी सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।।

इस बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, केन्द्रीय प्रक्षेत्र, पटना, वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना, नगर आयुक्त, पटना नगर निगम, नगर पुलिस अधीक्षक मध्य, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, पटना, अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर, दानापुर एवं पटना सिटी, अभियंता जल संसाधन विभाग, नगर दंडाधिकारी, जिला नियंत्रण कक्ष, महाप्रबंधक पेसू, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी एवं अन्य भी उपस्थित थे।

You may have missed