राजद को मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर जाने से पहले पार्टी में चल रहे प्रदेश अध्यक्ष से जुड़े गतिरोध को खत्म करना चाहते हैं। इसके पूर्व लालू प्रसाद ने अब्दुलबारी सिद्दीकी और जगदानंद सिंह को दिल्ली तलब किया है। लालू प्रसाद के बुलावे पर अब्दुलबारी सिद्दीकी दिल्ली पहुंच गए हैं। सिद्दीकी के दिल्ली जाने की पुष्टि राजद के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने दी है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के दिल्ली जाने और लालू प्रसाद से मुलाकात करने की उन्होंने पुष्टि नहीं की है। बता दें कि लालू प्रसाद 25 नवम्बर को सिंगापुर रवाना होने वाले हैं। इसके पूर्व वे प्रदेश अध्यक्ष से जुडे मामले को निबटारा करना चाहते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह 2 अक्टूबर से ही राजद के राज्य कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। कार्यालय नहीं आने से पार्टी के संगठन का चुनाव बाधित है। इसे पूरा करने में देर हो रही है। जगदानंद सिंह बेटे और राज्य के पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह के इस्तीफे के बाद से नाराज चल रहे हैं। इस्तीफे के अगले दिन से ही वे पार्टी कार्यालय नहीं आ रहे हैं। ऐसे में लालू प्रसाद पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर मंथन कर रहे हैं। लालू प्रसाद के मंथन में राजद के वरीय नेता अब्दुलबारी सिद्दीकी सबसे आगे चल रहे हैं। अब्दुलबारी सिद्दीकी राजद के अगला प्रदेश अध्यक्ष होंगे इसकी पूरी संभावना है। कहा जा रहा है कि सिद्दीकी के नाम की घोषणा के बाद ही लालू प्रसाद सिंगापुर जाएंगे। हालांकि और भी कई नाम नये प्रदेश अध्यक्ष की सूची में हैं।

You may have missed