क्या हिंदुओं को गाली देना धर्मनिरपेक्षता है?– नित्यानन्द राय

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नित्यानन्द राय ने सोमवार को महागठबंधन के नेताओं पर जोरदार निशाना साधते हुए सवाल पूछा कि क्या हिंदुओं को गाली देना ही धर्मनिरपेक्षता है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीति सर्वधर्म समभाव की रही है, जिसमे सभी धर्मों का सम्मान करना है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि सही अर्थों में धर्मनिरपेक्षता का अर्थ सभी धर्मों का सम्मान करना है। उन्होंने कहा भाजपा की नीति सर्वधर्म समाज की रही है और भाजपा सभी धर्मों का सम्मान करती है।

उन्होंने विरोधी दलों पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि राजद वाले भाजपा को दंगाई कहते है ये उनकी तुष्टिकरण की राजनीति है। वे अपने फायदे के लिए भाजपा को दंगाई कहते है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय में भी इसी तुष्टिकरण की नीति के कारण भारत का बंटवारा हुआ।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बयान के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका बयान समय के साथ बदलता रहता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद को अटल बिहारी वाजपेई का करीबी बताते हैं तो अटल जी को मानने वाले लोग यदि उनके मार्ग पर चले तो बेहतर होगा। लेकिन, उन्होंने अटल जी का मार्ग छोड़ दिया है।

उन्होंने नीतीश कुमार को नसीहत देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की पांच कविताओं को पढ़ लेंगे तो उन्हें ज्ञान हो जाएगा।

हाल ही में राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के देश में माहौल खराब के बयान के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों के लिए सबसे सुरक्षित भारत है। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले सभी लोग सुरक्षित है और उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि राजद के खोते जनाधार के कारण सिद्दीकी अलबला गए हैं, जिस कारण वे ऐसा बयान दे रहे हैं।

उन्होंने दावा करते हर कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में जदयू का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने नीतीश कुमार की प्रस्तावित यात्रा के विषय में कहा कि यह हताशा की यात्रा होने जा रही है। कुढ़नी और गोपालगंज के चुनाव परिणाम से नीतीश घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सूबे में जहरीली शराब का अवैध धंधा फल फूल रहा है।

छपरा शराब मौत मामले पर भी नीतीश कुमार के बयान ‘ पियोगे तो मरोगे ‘ को गृह राज्यमंत्री ने अनुचित बताया। राय ने कहा कि पेपर लीक मामले में सरकार पूरी तरह फेल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि एनडीए के शासन में भले ही नीतीश मुख्यमंत्री रहें हों लेकिन भाजपा के मंत्रियों के लगन और कड़ी मेहनत से ही सूबे में विकास हुआ है।

राहुल गांधी के युद्ध के समय चीन और पाकिस्तान के साथ आने की संभावना और भारत के इसके नजरअंदाज करने के बयान पर गृह राज्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी भारत को ही नजरअंदाज कर रहे है। उनको हर बात में चीन और पाकिस्तान ही होती है।

उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान अब भारत से युद्ध की बात तो दूर इस तरफ नजर उठाकर भी नही देख सकता है।

उन्हे मालूम है कि अब पहले वाला भारत नहीं है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भारत बहुत मजबूत हैं और यदि युद्ध होता है तो परिणाम भारत के पक्ष मे होगा। राहुल गांधी को चिंता करने की की जरूरत नहीं।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभू, विधायक पवन यादव, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्ट और राजेश कुमार झा उपस्थित रहे।

You may have missed