पटना के गांधी मैदान में आयोजित बागवानी महोत्सव 2026 के अवसर पर बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ, पटना द्वारा लगाए गए काउंटर संख्याद-4 का आज भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मत्स्य उत्पाद, मखाना, सिंघाड़ा एवं उनसे संबंधित विविध व्यंजनों के साथ-साथ लाइव डेमोंस्ट्रेशन एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसने आगंतुकों एवं आम जनता का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन हरि सहनी, सदस्य, बिहार विधान परिषद सह पूर्व मंत्री, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कॉफ्फेड की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से मत्स्य पालकों, मखाना उत्पादकों एवं सहकारी समितियों को नई पहचान और बाजार उपलब्ध होता है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने राज्य में मत्स्य एवं बागवानी क्षेत्र के समन्वित विकास की आवश्यकता पर भी बल दिया।
काउंटर पर लगाए गए स्टॉल में पारंपरिक एवं आधुनिक दोनों प्रकार के उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें मखाना से बने विभिन्न फूड प्रोडक्ट, ताज़ी एवं प्रोसेस्ड मछली उत्पाद, सिंघाड़ा आधारित खाद्य सामग्री तथा सहकारी मॉडल से जुड़े जागरूकता पोस्टर एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी शामिल रही। आगंतुकों ने उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुति एवं जानकारीपूर्ण प्रदर्शन की सराहना की।

कॉफ्फेड द्वारा यह पहल राज्य के मत्स्य पालकों, मखाना किसानों एवं सहकारी संस्थाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस आयोजन के माध्यम से “लोकल टू ग्लोबल” की अवधारणा को साकार करते हुए बिहार के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री ऋषिकेश कश्यप, प्रबंध निदेशक, कॉफ्फेड, पटना ने अपने उद्बोधन में कहा कि कॉफ्फेड का उद्देश्य केवल उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों, मत्स्य पालकों और सहकारी समितियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल सशक्तिकरण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि काउंटर पर लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से आगंतुकों को मखाना, मछली एवं सिंघाड़ा आधारित उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी जा रही है, जिससे युवाओं एवं उद्यमियों को नए अवसर प्राप्त होंगे।

कार्यक्रम में कॉफ्फेड की निदेशक सुश्री सिमरन, मखाना एक्पोर्ट मैनेजर रवि राज, सीएसआर मैनेजर अंकित कुमार, एओसी मैनेजर मो० आरिश हबीब, रिशु राज, रतनेशवर कुमार, प्रियांशु कुमार, प्रेम रंजन कुमार, अभ्युदय कुमार, अवधेश कुमार, नूतन कुमारी, रवीना कुमारी, अंजू देवी सहित विभिन्न सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, कृषि एवं मत्स्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, उद्यमी, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर जानकारी, परामर्श एवं उत्पाद क्रय की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
