नई दिल्ली। परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखंड दीप के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय शताब्दी समारोह का भव्य समापन हुआ। आध्यात्मिक चेतना, भारतीय संस्कृति, राष्ट्र निर्माण और मानवीय मूल्यों को समर्पित इस ऐतिहासिक आयोजन में देश- विदेशों से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं, गायत्री परिवार के सदस्यों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।

समारोह के अंतिम दिवस केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, सांसद अनुराग ठाकुर तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या सहित देश विदेश के लाखों विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर युग संस्कृति न्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष आचार्य धर्मवीर तथा उनकी पत्नी गरिमा आचार्य को उनके विशिष्ट योगदान और सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘विशिष्ट प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
लाखों लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस गरिमामय समारोह में आचार्य धर्मवीर एवं गरिमा आचार्य को सम्मानित किया जाना युग संस्कृति न्यास के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक प्रयासों के प्रति एक महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है। यह सम्मान भारतीय संस्कृति, संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर किए जा रहे प्रयासों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।

चार दिवसीय शताब्दी समारोह ने माता भगवती देवी शर्मा जी के विचारों, उनके तप, त्याग एवं समाज निर्माण के संकल्प तथा अखंड दीप की शताब्दी यात्रा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। समारोह का समापन आध्यात्मिक वातावरण, सांस्कृतिक चेतना और समाज के प्रति सेवा एवं समर्पण के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री नड्डा ने कहा की अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखंड दीप के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज नई दिल्ली में आयोजित ‘जन्मशताब्दी महोत्सव 2026’ के समापन समारोह में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
पूज्य माता जी एवं गुरुदेव के विचारों को आत्मसात कर संस्कारों को समाजसेवा से जोड़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। विश्व गायत्री परिवार पूजा-पद्धति से आगे बढ़कर संस्कारों के माध्यम से समाज परिवर्तन का सराहनीय कार्य कर रहा है। विशेषकर युवाओं के नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के प्रयास प्रशंसनीय हैं।
