जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, लोगों की समस्याओं के निष्पादन के लिए अधिकारियों को दिये निर्देश

न्यूज़ डेस्क :- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार मुंगेर जिले के तारापुर में जल संसाधन विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। जन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष लोगों ने समुचित विकास से संबंधित अपने-अपने सुझाव रखे। सिंचाई प्रमंडल (तारापुर) के प्रांगण में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति के पास मुख्यमंत्री स्वयं पहुॅचे और उनका अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने जन संवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्यायें सुनने के बाद उसके निष्पादन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।

मैंने आप लोगों को आश्वस्त किया था कि चुनाव के बाद यहां की समस्याएं जानने के लिए जरुर आऊंगा। मैं आज आपलोगों के बीच हूं। आप सभी ने यहां अपनी बातें रखी हैं और जिन्होंने लिखित रूप में भी दिया है, उस पर भी पूरा ध्यान दिया जायेगा, किसी को चिंता करने की जरुरत नहीं है। लोगों का सेवा करना ही हमारा धर्म है। हम अपने हर दायित्व को पूरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण बिहार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में विकास का काम किया जा रहा है। हमलोगों ने बिहार में पहली बार नियम बनाकर महिलाओं के लिए पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया, जिसका परिणाम है कि आज बड़ी संख्या में महिलाएं चुनकर आती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9वीं और 10वीं तक की पढ़ाई की व्यवस्था सभी पंचायतों में की जा चुकी है। अब तक 5 हजार से ज्यादा पंचायतों में इंटर तक की पढ़ाई की व्यवस्था कर दी गई है। आने वाले समय में कोई पंचायत बाकी नहीं रहेगा जहां पर इंटर स्तर तक की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं होगी। स्वच्छ पेयजल की पूरे बिहार में व्यवस्था की गई है। आयरन, आर्सेनिक और फ्लोराइड के कारण पेयजल की जो समस्या थी, उसका समाधान कर दिया गया है, जो शेष काम हैं, वह भी जल्द पूरा हो जायेगा। जन संवाद कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे बिहार में विकास के लिए एक-एक काम किये जा रहे हैं। वर्ष 2011-12 में समीक्षा के क्रम में हमने देखा कि बिहार का प्रजनन दर 4.3 था। राष्ट्रीय स्तर पर यह देखा गया कि पति पत्नी में पत्नी अगर पढ़ी लिखी रही हो तो प्रजनन दर कम रहता है। बिहार का प्रजनन दर 4.3 से घटकर अब 3 पर आ गया है। हमलोग इसे और घटाकर 2 पर करने में लगे हैं। यदि प्रजनन दर कम नहीं होगा तो आबादी बढ़ेगी और लोगों को कृषि योग्य भूमि पर घर बनाने पड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार एक पिछड़ा राज्य है। इसके विकास के लिए केंद्र के साथ-साथ राज्य भी अपनी विकास योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण करीब दो साल तक आवागमन बाधित हुआ। अब तीसरी लहर आने की भी संभावना जताई जा रही है इसलिए हम सभी को सचेत रहने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि हम तो हमेशा सभी विधायकों से कहते रहते हैं कि अपने क्षेत्र से जुड़े जो भी काम या समस्याये हैं उसे बताइये। आज यहां आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में इस इलाके के लोगों ने अपनी-अपनी बातें रखी हैं जिसे सभी स्थानीय जन प्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने भी सुना है। हमारी कोशिश है कि आपके क्षेत्र के साथ-साथ संपूर्ण बिहार का विकास हो। इसके लिए हम सब प्रतिबद्ध एवं संकल्पित हैं।

आज आप सबों के बीच आकर मुझे बेहद खुशी हुई है। इस क्षेत्र का जितना विकास हुआ है उससे और ज्यादा विकास नहीं करेंगे तो हमे संतोष नहीं होगा।  जन संवाद कार्यक्रम के पश्चात् मुख्यमंत्री ने तारापुर चौक स्थित शहीद स्मारक पर 15 फरवरी 1932 के 34 शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक भवन तारापुर का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।

रिपोर्ट :- प्रतिमा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed