मुख्यमंत्री ने बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र (शहरी) के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर पुराने साथियों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र (शहरी) के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने बिहारशरीफ के टाउन हॉल (कर्पूरी भवन) में अपने पुराने साथियों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री का स्वागत पुराने साथियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूलों की बड़ी माला, प्रतीक चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर किया।

मुलाकात के क्रम में मुख्यमंत्री ने अपने पुराने सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि सब चीजों को देखने के मकसद से हम आज बिहारशरीफ के विभिन्न इलाकों का सड़क मार्ग से भ्रमण कर रहे हैं। हमने यहां पर बाईपास का निर्माण करवाया। शहर के अंदर की स्थिति देखने-समझने के लिए हमने विभिन्न इलाकों का घूमकर जायजा लिया है। सभी जगहों पर भारी संख्या में लोगों ने सड़क किनारे खड़े होकर स्वागत किया है। मेरे लिए यह बहुत महत्वपूर्ण जगह है। शुरु से ही आप लोगों का सहयोग हमें मिला है। स्व० जॉर्ज फर्नांडिस साहब और मुझे भी आप लोगों ने यहां से जिताकर संसद भेजा था। अभी तीन बार से हमारी पार्टी के श्री कौशलेंद्र जी यहां के सांसद हैं। आपके सहयोग एवं समर्थन को हम कभी भूल नहीं सकते हैं। पूरे जिले का दौरा करने के बाद आज अंतिम कार्यक्रम इस शहर का था। केन्द्र सरकार ने बिहार के 4 शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर चयन किया। बिहारशरीफ उसमें से एक है। हमलोग चाहते हैं कि बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी के रूप में परिणत हो। केन्द्र सरकार बिहारशरीफ को स्मार्ट सिटी बनाना चाहती है। हम उसी के लिये आज शहरी क्षेत्र के विभिन्न जगहों को देखे हैं। आपलोगों ने जो सहयोग और समर्थन दिया है उसे हम जीवन भर याद रखेंगे। हमसे जो भी संभव होगा, हम आपके लिये काम करते रहेंगे। हमलोगों के काम करने के पहले यहां कितना झगड़ा होता था। हमलोगों को जब से काम करने का मौका मिला है, आपस में लोग मिल जुल कर रह रहे हैं। आपस में प्रेम और भाईचारे के साथ हमेशा मिल जुल कर रहना है। नई पीढ़ी के लोगों को भी प्रेम और भाईचारे से रहने के लिये आपलोग प्रेरित करें, इससे समाज के हर तबके का उत्थान होगा। बिहारशरीफ ऐतिहासिक जगह है। बिहारशरीफ में कई ऊँचे स्थल हैं, अगर यहां की भी खुदाई हो तो कई ऐतिहासिक तथ्य सामने आयेंगे। नालंदा जिला का मुख्यालय बिहारशरीफ है और इसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं होगी। इस राज्य का नाम बिहार है इसलिये बिहारशरीफ का विशेष महत्व है। इस शहर को मॉडल शहर बनाने के लिये काम करना है। आपस में प्रेम और भाईचारे का भाव रहने से इस शहर का तो विकास होगा ही राज्य तथा देश का भी विकास होगा।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसुक, कारगिल चौक बिहारशरीफ, सोहडीह, किसान कॉलेज रोड सोहसराय, आशा नगर, करुणा बाग, सोहसराय चौक, मोगलकुआँ, एतवारी बाजार, हॉस्पिटल मोड़, काशी तकिया, भरावपर, बस स्टैंड सोगरा कॉलेज, पक्की तालाब, कटरा नदी मोड़, श्री बाबा मणिराम अखाड़ा न्यास समिति, सालूगंज मोड़, महलपर, अनुराग सिनेमा रोड, खंदकपर, खंदक मोड़, बिचली खंदकपर, कमरुद्दीनगंज, पुरानी जेल मोड़, कचहरी मोड़, नई सराय मोड़, गढ़पर, पुलपर सहित अन्य कई जगहों पर रूककर अपने पुराने साथियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जगह-जगह पर लोगों ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ, फूल-मालाओं एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

नालंदा जिला अंतर्गत बिहारशरीफ के सोहडीह में शेरे बिहार सोहडीह कृषक हित समूह द्वारा जैविक विधि से की जा रही सब्जी की खेती का मुख्यमंत्री ने मुआयना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसान श्री राकेश कुमार से जैविक विधि से उत्पादित की जा रही सब्जी से हो रहे लाभ के विषय में विस्तृत जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहारशरीफ के अम्बेर मोड़ स्थित गुरु सहाय लाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक इंजीनियर श्री सुनील कुमार के बिहारशरीफ स्थित आवास पर पुराने साथियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

भ्रमण के दौरान जल संसाधन मंत्री श्री संजय कुमार झा, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, सांसद श्री कौशलेन्द्र कुमार, विधान पार्षद श्रीमती रीना देवी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त परामर्शी श्री मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You may have missed