राज्य-स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल बालिका चयन प्रतियोगिता को लेकर पटना डीएम ने की बैठक

जिलाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में राज्य-स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल (बालक/बालिका) अंडर-17 प्रतियोगिता, 2022 के आयोजन हेतु आयोजन समिति की बैठक की गई।

राज्य-स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल बालिका चयन प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 02 से 03 अगस्त, 2022 तक तथा बालक खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 06 से 10 अगस्त, 2022 तक पटना में होगा।

आयोजन स्थल पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग, पटना एवं बीएसएपी (पूर्व का बीएमपी)-5 है। उद्घाटन स्थल पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग, पटना है। पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आवासन व्यवस्था की जाएगी।

आज की इस बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था करने पर विमर्श किया गया तथा आवश्यक निर्णय लिया गया। यथाः-

1. चिकित्सा व्यवस्था- सिविल सर्जन, पटना कार्यक्रम हेतु इसकी समुचित व्यवस्था करेंगे। वे आवश्यकतानुसार एम्बुलेंस की प्रतिनियुक्ति करेंगे। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का भी अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

2. पेयजल की व्यवस्था- आयोजन स्थल पर पेयजल की समुचित व्यवस्था रहेगी। पर्याप्त मात्रा में वाटर टैंकर तैनात रखा जाएगा। जिला खेल पदाधिकारी इसके लिए नगर निगम एवं पीएचईडी से समन्वय स्थापित करेंगे।

3. शारीरिक शिक्षा शिक्षकों/सामान्य शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति- जिला शिक्षा पदाधिकारी इसे सुनिश्चित करेंगे।

4. सांस्कृतिक कार्यक्रम- जिला खेल पदाधिकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय करते हुए इसकी व्यवस्था करेंगे।

5. प्रचार-प्रसार- जिला खेल पदाधिकारी जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी से समन्वय करते हुए इसे सुनिश्चित करेंगे।

6. साफ-सफाई-नगर निगम को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।

7. विधि-व्यवस्था-अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

गौरतलब है कि 61वां सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता, 2022 का आयेाजन नई दिल्ली में दिनांक 01.09.2022 से 17.10.2022 तक होना है। इसके लिए राज्य स्तरीय अंडर-17 सुब्रतो मुखर्जी (बालक/बालिका) फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। बालिका वर्ग की चयन प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 02 से 03 अगस्त, 2022 तक तथा बालक अंडर-17 वर्ग का चयन दिनांक 06 से 10 अगस्त, 2022 तक पटना में किया जाएगा। उक्त प्रतियोगिता के विजेता दल के खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के उपरान्त विजेता दल को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु भेजा जाएगा।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा प्रदत्त निदेश के आलोक में सभी जिला पटना में आयोजित चयन प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु अपने-अपने जिलों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु टीम का गठन कर विहित प्रपत्र में योग्यता प्रमाण-पत्र के साथ प्रतियोगिता में अपने जिले की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

डीएम डॉ. सिंह ने जिला खेल पदाधिकारी को अतिथियों को आमंत्रित करने के लिए अनुरोध पत्र भेजने का निदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए जिला खेल पदाधिकारी व्यवस्था करेंगे।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि जिला खेल पदाधिकारी, पटना श्री ओम प्रकाश इस आयोजन हेतु नोडल पदाधिकारी रहेंगे। वरीय उप समाहर्त्ता, पटना श्री कुमारिल सत्यानन्दन सम्पूर्ण कार्यक्रम के वरीय प्रभार में रहेंगे।

डीएम डॉ सिंह ने कहा कि राज्य-स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल (बालक/बालिका) अंडर-17 प्रतियोगिता, 2022 का भव्य आयोजन होगा।

इस बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना, शिक्षा), स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, खेल संघों के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

You may have missed