पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भाजपा ने जताया शोक

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राजस्व तथा भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, श्री विजय सिन्हा एवं बिहार भाजपा के अन्य पदाधिकारियों ने मौन व्रत धारण कर उनके योगदान को स्मरण किया।

डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वह एक कुशल अर्थशास्त्री, विद्वान और विनम्र राजनेता थे, जिन्होंने देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाई। उनकी सादगी, विद्वता और कर्तव्यनिष्ठा हमेशा प्रेरणादायक रहेंगी।”

डॉ. जायसवाल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह जी का जीवन राष्ट्र सेवा और आर्थिक सुधारों का अद्वितीय उदाहरण है। भाजपा परिवार उनकी महान सेवा और योगदान को हमेशा स्मरण करेगा।”

इस दौरान उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और श्री विजय सिन्हा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने राष्ट्रहित में उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया और दो मिनट का मौन रखकर डॉ. मनमोहन सिंह जी के प्रति सम्मान प्रकट किया।

You may have missed