
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल आज पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान द्वारा आयोजित बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. सुशील कुमार मोदी के जयंती समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्व. सुशील कुमार मोदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस कार्यक्रम के दौरान सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान के अध्यक्ष संजय गुप्ता और अन्य ने आगंतुकों को अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि सुशील मोदी अनुशासन प्रिय व्यक्ति थे। वे राजनीति के अद्भुत व्यक्ति थे और राजनीति के सूक्ष्म पहलू को समझने और पहचानने का प्रयास करते थे। जब उन्हें किसी चीज को जानने की जरूरत होती थी तो उससे संबंधित व्यक्ति से जरूर वह समझने की कोशिश करते थे, ये उनकी बड़ी खूबी थी।
इतनी जल्दी वह चले जाएंगे, इसकी उम्मीद नहीं थी। अध्यक्ष ने सुशील मोदी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज जो यहां लोग भारी संख्या में जुटे हैं, वह उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी छात्र जीवन से सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों को लेकर जुझारू रहे। वे तीन दशक तक बिहार के राजनीतिक पटल पर छाए रहे और राजनीति की काजल की कोठरी से बेदाग निकले। उनके चरित्र पर कभी कोई आरोप नहीं लगा। वे बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एवीबीपी) से जुड़े रहे। जब 70 के दशक में विश्वविद्यालयी शिक्षा के लिए पटना विश्वविद्यालय में नामांकन कराए तो छात्रों की समस्याओं को दूर करने के लिए वे हमेशा आगे रहे। यहीं उनका राजनीति से प्रथम परिचय हुआ, उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में विरोधी दल के नेता के रूप में उन्होंने बाघ की तरह चिंघाड़ने का काम किया। उन्होंने कई घोटालों का सामना किया। उस दौर के कुछ ही नेता हैं जो इतनी तकनीक का इस्तेमाल करते थे। वे अध्ययनशील बराबर रहे, इस कारण उनकी जानकारी की कमी नहीं हुई। उन्होंने अपने संस्करण को सुनाते हुए कहा कि वे टिफिन लेकर चलते थे।
श्री चौधरी ने जोर देकर कहा कि आज उनके जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है। बिहार के वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि उन्होंने विभाग में ऐसा बनाया है कि सब कुछ आंकड़ा तुरंत तैयार हो जाता है।
इस मौके पर दिवंगत सुशील मोदी की पत्नी जे सी मोदी और उनके पुत्र भी पहुंचे। उनकी पत्नी ने भावुक होकर भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इस मौके पर भावुकता में उनके कई संस्मरणों को सामने रखा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम संयोजन और अध्यक्षता संजय गुप्ता ने किया जबकि संचालन दीपक अग्रवाल, हेमलता वर्मा, राजेश झा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन जेसी मोदी ने किया।
इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, मंगल पांडे, राधामोहन सिंह, अश्विनी चौबे, रामकृपाल यादव, प्रेम कुमार, शाहनवाज हुसैन, रविशंकर प्रसाद, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र त्रिपाठी, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, तारकिशोर प्रसाद, हरेन्द्र सिंह, मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, सह मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार, अमित प्रकाश बबलू, प्रवक्ता अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस समारोह में संस्थान के संरक्षक सदस्य के रूप में डॉ. सहजानंद, विमल जैन, डॉ. आर एन सिंह, संजय कुमार, डॉ. सत्यजीत कुमार, एच एन दिवाकर उपस्थित रहे। देह दधीची संस्थान के पांच लोगों को मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सुशील मोदी की जीवनी पर प्रदर्शनी लगाई गई और कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सुशील जी की जीवनी पर डाक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।