दानापुर मंडल अपने यात्रियों की सेवा हेतु यात्री ट्रेनों का परिचालन तो करता ही है साथ ही साथ देश भर में माल परिवहन के क्षेत्र में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। माल परिवहन के क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए निर्माण सामग्री के रूप में प्रयुक्त होने वाले सीमेंट का ट्रांसपोर्टेशन भी वृहद स्तर पर किया जाता है।

इसी क्रम में आज को दानापुर मंडल एवं अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (यू.सी.पी.डी, दनियावां) के बीच में एक करार हुआ है, जो सीमेंट के ट्रांसपोर्टेशन और इसके फलस्वरुप इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस करार के हो जाने से देश भर में दनियावां स्थित साइडिंग से सीमेंट की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहेगी। ज्ञात हो कि दनियावां स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट के इस प्लांट से वित्तीय वर्ष 2023-24 में 760 रेकों के माध्यम से देश भर में सीमेंट की आपूर्ति की गई जिससे 82.39 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2024-25 में 860 रेकों के माध्यम से देश भर में सीमेंट की आपूर्ति की गई जिससे 103.60 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ जो वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में 25.74 प्रतिशत अधिक है। साथ ही अभी तक वित्तीय वर्ष 2025-26 में 481 रेकों के माध्यम से सीमेंट की आपूर्ति करते हुए 56.26 करोड़ रुपए के राजस्व की प्राप्ति हो चुकी है।

इस करार पर रेलवे की तरफ से वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर, श्री अभिनव सिद्धार्थ एवं अल्ट्राटेक सीमेंट की तरफ से श्री अमरेंद्र कुमार, ज्वाइंट प्रेसिडेंट एंड प्लांट हेड ने करार पर हस्ताक्षर किया तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर, श्री अभिषेक कुमार तिवारी भी उपस्थित रहे।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अभिनव सिद्धार्थ ने कहा कि – “दानापुर मंडल एवं अल्ट्राटेक सीमेंट के बीच हुए इस करार से माल यातायात के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है और आशा किया जाता है कि यह करार इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए सीमेंट की आपूर्ति के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।”
