दानापुर मंडल द्वारा मंडल से प्रारंभ होने वाली एवं होकर गुजरने वाली ट्रेनों, विशेषकर लंबी दूरी की ट्रेनों के सामान्य श्रेणी (GS) के कोचों में नियमित एवं सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य फर्जी अथवा बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा उचित टिकट लेकर चलने वाले यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा सुनिश्चित करना है।
टिकटों की प्रामाणिकता जांचने हेतु टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा आधुनिक TTE मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से UTS ऑन मोबाइल ऐप, एटीवीएम (ATVM) तथा बुकिंग काउंटर से जारी अनारक्षित टिकटों की सत्यता तुरंत सत्यापित की जा सकती है। ऐप में टिकट पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन करने अथवा UTS टिकट संख्या दर्ज करने पर यात्रा की तिथि, किराया, यात्रियों की संख्या, यात्रा स्टेशन सहित सभी आवश्यक विवरण प्रदर्शित हो जाते हैं, जिससे फर्जी या बदले गए टिकटों की पहचान आसान हो जाती है।
इसी क्रम में आज दिनांक 17.12.2025 को मंडल रेल प्रबंधक दानापुर के मार्गदर्शन एवं प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, हाजीपुर के निर्देशानुसार श्री पंकज नयन, सहायक वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर एवं श्री अविनाश कुमार सिंह, सहायक वाणिज्य प्रबंधक, हाजीपुर की उपस्थिति में दानापुर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12792, 22947, 12391, 12331, 20802, 03245, 12296 एवं 20934 के सामान्य श्रेणी कोचों में व्यापक टिकट जांच की गई एवं लगभग 1600 अनारक्षित टिकटों की जांच टीटीई ऐप से की गयी। इस दौरान 1365 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा जुर्माना के रूप में रुपए 5,73,300 वसूल किया गया।

*दानापुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे केवल वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, यात्रा के दौरान टिकट सुरक्षित रखें तथा किसी भी प्रकार के फर्जी या संशोधित टिकट से दूर रहें। नियमित टिकट जांच से न केवल राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि यात्रियों में अनुशासन भी सुनिश्चित हो रहा है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।-अभिनव सिद्धार्थ (वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक)*
