जिलाधिकारी, पटना द्वारा फार्मर रजिस्ट्री कार्य के लिए पटना जिला अंतर्गत सभी 322 पंचायतों में 2 फ़रवरी से 6 फ़रवरी तक आयोजित होने वाले कैम्प की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, सभी प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों, अपर समाहर्ता एवं उप विकास आयुक्त, पटना को किसान बंधुओं के बीच सघन जन-जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें कैम्प तक लाने एवं एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने सहित शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।

ज़िलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में कैम्प सफलतापूर्वक आयोजित किया गया था। सभी पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए पुनः कैम्प आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने किसान बंधुओं से अपील करते हुए कहा कि आप कैम्प में भाग लेकर फार्मर रजिस्ट्रेशन करवाएँ तथा फार्मर आईडी बनवाकर कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का पारदर्शी एवं सुचारू रूप से लाभ उठाएँ। सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र आपकी सहायता के लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।

ज़िलाधिकारी ने कहा कि सीएससी/ वसुधा केंद्रों पर भी फार्मर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध है। सभी सीएससी में किसान अपना फार्मर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। साथ ही किसान स्वयं भी ऑनलाइन पोर्टल https://bhfr.agristack.gov.in/farmer-registry-bh/#/ के माध्यम से घर बैठे अपना फार्मर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
=================
पूर्व में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), वसुधा केंद्रो के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री के लिए ली जाने वाली 15 रुपए की सेवा शुल्क राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार अब नहीं ली जाएगी। किसानों के हित में इसका वहन संबंधित विभाग द्वारा किया जाएगा, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसानों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
==================
कृषि विभाग का हेल्पलाईन नंबर 18001801551 तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का हेल्पलाईन नंबर 18003456215 है। किसानों द्वारा किसी भी समस्या के समाधान के लिए उपर्युक्त हेल्पलाईन नंबरों के साथ जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक या किसान सलाहकार से सम्पर्क किया जा सकता है।
